झांसी में खाद्य विभाग की छापेमारी, 2,151 पानी की बोतलें सीज
शिकायत के लिए जारी टोल फ्री नंबर नहीं लगा
ब्रांडेड पैकिंग के नाम पर पानी की बिक्री, जांच के लिए नमूने भेजे गए
Jhansi FDA Team Seized Water Bottle : झांसी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ब्रांडेड पानी की तर्ज पर बिक रही बोतलों के खिलाफ छापेमारी कर 2,151 बोतलें सीज की हैं। लेकिन कार्रवाई करने वाले इसी विभाग की शिकायत व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
विभाग ने उपभोक्ताओं के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है, मगर शिकायतकर्ता का दावा है कि यह नंबर लगता ही नहीं। वहीं, जिम्मेदार अधिकारी के मोबाइल पर भी कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिला।
ऐसे में सवाल है कि मिलावट या खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायत आखिर आम आदमी करे तो कहां करे?
झांसी में ब्रांडेड कंपनियों जैसी पैकिंग और पहचान के सहारे पानी की बोतलें बाजार में उतारने का मामला सामने आया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पाली पहाड़ी स्थित श्री बालाजी बेवरेज पर छापेमारी कर बिसरोली ब्रांड की 2 लीटर वाली 2,151 पानी की बोतलें सीज कर दीं। कार्रवाई के बाद अब खाद्य विभाग की शिकायत व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है।
झांसी जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने श्री बालाजी बेवरेज के प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
यहां बिसरोली ब्रांड के नाम से पानी की बोतलों की पैकिंग की जा रही थी। जांच के दौरान विभागीय टीम को पता चला कि झांसी में पानी की पैकिंग के लिए जनपद ललितपुर का खाद्य लाइसेंस इस्तेमाल किया जा रहा था
सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी पवन कुमार के मुताबिक, टीम ने मौके से 2 लीटर वाली 2,151 बोतलों को सीज किया है। साथ ही पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
कार्रवाई के बीच एक बड़ा सवाल उपभोक्ताओं की शिकायत व्यवस्था को लेकर है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 18001805533 जारी किया है।
शिकायत करने के लिए इस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन नंबर नहीं लगा। इसके बाद झांसी में सहायक आयुक्त खाद्य के मोबाइल नंबर 9368414711 पर भी कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब विभाग खुद लोगों को शिकायत के लिए नंबर जारी करता है और वही नंबर काम नहीं करता, तो आम उपभोक्ता अपनी परेशानी किसके सामने रखे? मिलावटी खाद्य पदार्थों या संदिग्ध पानी की बिक्री की सूचना देने के लिए लोगों को प्रभावी व्यवस्था कब मिलेगी?