राज्यमंत्री की बहन से मारपीट, कपड़े फाड़ने का आरोप सोर्स- सोशल मीडिया
लखनऊ

फतेहपुर में BJP मंत्री की बड़ी बहन को पीटा, कपड़े फाड़े, दबंगों ने फायरिंग भी की

Fatehpur Minister sister beating: फतेहपुर में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। वे एक युवक को बचाने पहुंची थीं, इस दौरान उन पर हमला हो गया।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • युवक को बचाने पहुंचीं रामा देवी पासवान

  • युवक के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी को भी पीटा

  • फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Krishna Paswan Sister Case: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में योगी सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन और पूर्व ग्राम प्रधान रामा देवी पासवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में कुछ लोग एक युवक को घेरकर पीट रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं रामा देवी ने युवक को बचाने के लिए विरोध किया तो हमलावरों ने उन पर ही हमला कर दिया।

आरोप है कि उनके साथ मारपीट, अभद्रता और कपड़े फाड़ दिए गए। इस दौरान फायरिंग की भी बात सामने आई है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

युवक को बचाने पहुंचीं तो बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, मामला मलवां थाना क्षेत्र के समसाही सुल्तानपुर गांव का है। गांव निवासी शिवसागर निषाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे गांव के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दवा लेकर घर लौट रहीं पूर्व प्रधान रामा देवी पासवान ने शिवसागर को पिटता देखकर बीच-बचाव किया।

आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने युवक को छोड़कर रामा देवी को ही निशाना बना लिया। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। हमलावरों ने असलहे दिखाकर धमकाया और जान से मारने की धमकी भी दी।

गर्भवती महिला को भी पीटा, फायरिंग का वीडियो वायरल

मारपीट के दौरान शोर सुनकर शिवसागर को बचाने के लिए पहुंची उसके छोटे भाई की गर्भवती पत्नी रेशमा को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों में कुछ लोग राइफल और तमंचा लेकर पहुंचे थे।

घटना के दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी वीडियो की पुष्टि नहीं की है।

शिवसागर की शिकायत में सनद सिंह गौतम, अभिलाष सिंह गौतम, धनंजय सिंह, लाल सिंह गौतम और रमेश सिंह गौतम समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत करने के बावजूद 24 घंटे से अधिक समय तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।

एसपी ने दिए जांच के आदेश

मामले में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटना का संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी को मौके पर जांच के लिए भेजा है। एसपी के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बीजेपी राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन के साथ हुई इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

त्रिपुरा के बोक्सानगर में तस्करों का BSF जवान पर बर्बर हमला, अशाबारी में तनाव का माहौल; हमले का VIDEO वायरल

दिल्ली में पुलिस बनाम पुलिस, सड़क पर उतरे 150 पुलिसकर्मी, जानिए क्या हैं पांच मांगें और क्यों भड़का विवाद

WMO की महासचिव सेलेस्टे साउलो ने की भारत की तारीफ, साइक्लोन मैनेजमेंट में बताया रोल मॉडल

साइक्लोन मुरासु के बीच HPCL की रिफाइनरी में भीषण अग्निकांड, समय रहते फायर फाइटर ने आग पर पाया काबू

भीषण चक्रवात ‘मुरासु’ ने आंध्र प्रदेश के तट को पार किया, अलर्ट मोड पर मौसम विभाग और प्रशासन