परिसीमन बिल पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज
अखिलेश यादव के बयान पर दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने जवाब दिया
कहा- महिलाओं के हक की बात करते हैं, लेकिन आरक्षण में रोड़ा अटका रहे
Akhilesh Yadav vs BJP: यूपी में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट कर लिखा- BJP के लिए चुनाव सब कुछ है, देश नहीं, इसीलिए उसे लोकसभा क्षेत्र की सीमाओं की चिंता, भाजपा को देश की सीमाओं की चिंता नहीं।
इसके बाद भाजपा के दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने जवाब दिया है। उन्होंने लखनऊ में कहा कि कांग्रेस और सपा महिलाओं के हक की बात करती हैं, लेकिन 33% आरक्षण में रोड़ा अटका रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह बिल देश के हित और लोकतंत्र को मजबूत करने वाला है। लेकिन सपा ने हमेशा गुंडों-माफियाओं को आगे बढ़ाया है। वहीं सीएम योगी ने भी यूपी के सभी 80 सांसदों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय कैबिनेट का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पास होने के बाद जब महिलाओं को आरक्षण का लाभ देने का समय आया, तब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने विरोध किया। इसमें समाजवादी पार्टी भी शामिल रही।
केशव ने दावा किया कि 2011 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के फैसले से उत्तर प्रदेश में सांसदों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो जाएगी। इसी तरह विधानसभा की सीटें 403 से बढ़कर करीब 605 हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई सीटों में 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए होंगी।
उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और डिंपल यादव से बिल का विरोध नहीं करने की अपील की। केशव ने कहा कि यह बिल देश के हित और लोकतंत्र को मजबूत करने वाला है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कैबिनेट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में सीटें बढ़ने तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र मजबूत होगा।
ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा महिलाओं के अधिकारों की बात तो करती हैं, लेकिन संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर रही हैं। इससे दोनों दलों की मानसिकता उजागर होती है।
उन्होंने कहा कि यूपी में सरकारी नौकरियों समेत सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह दिग्भ्रमित है और उसने हमेशा गुंडों-माफियाओं को आगे बढ़ाया है।