ABVMU To Set Up High Tech Medical Education: उत्तर प्रदेश के सभी नर्सिंग, पैरामेडिकल, मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में पढ़ाई की गुणवत्ता और सुधार के लिए कई महत्वपुर्ण फैसले लिए गए है। जिसके तहत अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) में अत्याधुनिक कमांड सेंटर बनाने का फैसला लिया गया है। इस अत्याधुनिक कमांड सेंटर के माध्यम से सभी संबद्ध कॉलेजों की कक्षाओं, परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों पर हर समय नजर रखी जाएगी।
अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय परिसर में कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा। जहां से सभी कॉलेजों में निर्धारित पढ़ाई के अनुरूप नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण यानि कक्षाओं के संचालन, प्रायोगिक (प्रैक्टिकल), आंतरिक मूल्यांकन और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की मानकों की निगरानी की जाएगी। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि कक्षाओं में निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि शिक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता और विद्यार्थियों को समान गुणवत्ता की शिक्षा समान रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- ग्राम प्रधानों पर हाईकोर्ट सख्त; वित्तीय अनियमितता पर रिकवरी का आदेश, कहा- कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी
कुलपति डॉ. अमित देवगन ने जानकारी देते हुए बताया कि कमांड सेंटर में रिकॉर्डिंग भी होगी। जहां अलग अलग विषयों के विशेषज्ञों और अनुभवी शिक्षकों के व्याख्यान को रिकॉर्ड किए जाएंगे। रिकॉर्डेड लेक्चर का समय-समय पर राज्य के नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों की कक्षाओं में प्रसारण भी किया जाएगा।