58 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या  (सोर्स- फोटो नवभारत)
उत्तर प्रदेश

Kanpur: सामने दुकान और घर में किरायेदार फिर भी वारदात से बेखबर, 58 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या, जेवर लूटे

Kanpur Murder News: कानपुर के हसनपुर में 58 वर्षीय उमा कुशवाहा की घर में गला दबाकर हत्या कर दी गई। बदमाश करीब 25 लाख रुपये के जेवर लूटकर फरार हो गए। पुलिस किसी करीबी के शामिल होने की आशंका जता रही है।

अभिनव श्रीवास्तव, स्निग्धा श्रीवास्तव

Kanpur Woman Murder Case: रावतपुर थाना क्षेत्र के केशव पुरम स्थित हसनपुर में मंगलवार को देर घर में घुसे बदमाशों ने स्वास्थ्य मंत्रालय(दिल्ली )में सीनियर असिस्टेंट टेक्नीशियन के पद पर तैनात युवक की मां की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश घर से करीब 25 लाख रुपये कीमत के जेवर लूट ले गए। वारदात के वक्त महिला कुर्सी पर बैठकर खाना खा रही थीं। उनका शव उसी कुर्सी पर मिला। सामने खाने की थाली में दाल और ढाई रोटी रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही परिवार और किरायेदारों से पूछताछ कर रही है।

केशवपुरम के हसनपुर निवासी शिवमंगल कुशवाहा अपनी पत्नी उमा कुशवाहा (58) और बड़े बेटे अमरीश के साथ मकान के निचले हिस्से में रहते हैं। शिवमंगल की शिवनगर में कुशवाहा बुक स्टॉल के नाम से दुकान है, जहां वह बड़े बेटे अमरीश के साथ बैठते हैं। उनका छोटा बेटा आशीष दिल्ली में स्वास्थ्य विभाग में सीनियर असिस्टेंट टेक्नीशियन है। मकान की ऊपरी मंजिल पर दो परिवार किराये पर रहते हैं। जिसमे कुल 6 लोग है।इनमें आर्डिनेंस फैक्ट्री में संविदा कर्मी आनंद गुप्ता अपनी पत्नी सपना और दो बच्चों के साथ तथा राजमिस्त्री सुभाष अपनी पत्नी प्रिया के साथ रहते हैं।

सुबह पति-बेटा दुकान चले गए, घर में अकेली थीं उमा

मंगलवार सुबह शिवमंगल अपने बेटे अमरीश के साथ दुकान चले गए। उस समय घर में उमा अकेली थीं। शाम करीब आठ बजे किरायेदार सुभाष की पत्नी प्रिया ने मोटर चलाने के लिए उमा को फोन किया, लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठा। अनहोनी की आशंका पर प्रिया ने शिवमंगल को फोन कर इसकी जानकारी दी।

शिवमंगल ने किरायेदारों से दरवाजा खटखटाकर देखने को कहा। इसके बाद प्रिया और आनंद की पत्नी सपना ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खुला होने पर दोनों अंदर पहुंचीं तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उमा कुर्सी पर बेसुध पड़ी थीं। उनके हाथ आगे की ओर झुके हुए थे और गले पर कसने के निशान दिखाई दे रहे थे।

थाली में खाना रखा था, लेकिन मौत हो चुकी थी

कमरे में उमा के सामने खाने की थाली रखी थी। थाली में दाल और ढाई रोटी पड़ी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह खाना खा ही रही थीं, तभी हमलावर ने वारदात को अंजाम दिया। महिला के शरीर पर मौजूद गहने गायब थे। शिवमंगल बेटे के साथ घर पहुंचे तो कमरे और अन्य सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी का लॉकर खुला था और उसमें रखे जेवर गायब थे। उन्होंने जेवरों की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

परिचित के शामिल होने का शक

सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है।

किरायेदारों ने पुलिस को बताया कि ऊपर रहने वाले परिवारों की आवाजाही के कारण मकान के मुख्य गेट में अक्सर ताला नहीं लगाया जाता था। गेट पर केवल सिटकनी लगी रहती थी। उमा का रहने वाला हिस्सा अलग था। इसी वजह से पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि हमलावर घर में किस रास्ते से दाखिल हुआ और क्या उसे घर के भीतर की जानकारी पहले से थी।

सोमवार रात बेटे से हुई थी आखिरी बात

दिल्ली में रहने वाले छोटे बेटे आशीष ने फोन पर बताया कि सोमवार रात करीब 10:07 बजे उनकी मां से फोन पर बात हुई थी। मंगलवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ घर के बाहर जुट गई।

टीवी के शोर में दब गई उमा की चीखे, फोन को भी किया साइलेंट

आरोपी ने घटना को अंजाम देने से पहले टीवी की आवाज को फुल कर दिया। ताकि महिला की चीखे बाहर ना जाए। वहीं फोन को भी साइलेंट मोड पर लगा दिया। उसके बाद घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। ज़ब किराएदार नीचे देखने आये तो टीवी की आवाज फुल थी। और मोबाईल पर सात मिस कॉल भी लगी थी। पुलिस ने उमा के मोबाईल को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी है।

फोन पर बेटा बोला मेरी माँ को भूखा क्यों मार डाला

घटना कि जानकारी होने पर छोटा बेटे आशीष रोते बिलखते फोन पर बोला हत्यारो ने मेरी माँ को खाना भी नहीं खाने दिया। आशीष ने कहा कि सालों मेरी मां को खाना तो खा लेने दिया होता, भूखा क्यों मार डाला। ये शब्द सुनकर नौबस्ता में रहने वाला भतीजा अर्पित भी रो पड़ा बोला भईया जल्दी आ जाओ घर..

घर के सामने दुकान कैसे हो गई वारदात

घटनास्थल के ठीक सामने एक परचून की दुकान है। जहाँ कोई ना कोई आता जाता रहता घर से दुकान की दूरी महज दस कदम की होंगी और दुकान पर हमेशा भीड़ रहती ऐसे में इतनी बड़ी वारदात हो जाए और किसी को भनक ना लगे यह पुलिस के लिये सोचने वाली बात है। पुलिस इससे यह अंदाजा लगा रही है कि घटना में बेहद करीबी व्यक्ति शामिल है जो हमेशा आता जाता रहता होगा।

सीसीटीवी कैमरों से खुलेगा राज

पुलिस अब घटना से पहले और बाद के समय की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों से संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान घर में कौन-कौन आया था और महिला के पास मौजूद लाखों रुपये के जेवरों की जानकारी किसे थी।

डीसीपी बोले घटना को करित करने वाला कोई अपना

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। प्रथम दृष्टया घटना में किसी बेहद करीबी के शामिल होने की आशंका प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जम्मू-कश्मीर में BJP प्रदर्शन के दौरान बवाल, कार्यकर्ताओं और पुलिस में हिंसक झड़प; लाठीचार्ज से मचा हड़कंप

MS Dhoni के 100 करोड़ मानहानि केस में बड़ा अपडेट, कोर्ट ने स्वीकार की संपत कुमार की ये 3 मांगें

नेपाल में बाढ़ से 1000 से अधिक मौतें, भारत से मदद जारी, जानिए 5वें विमान से क्या-क्या भेजा गया

हरियाणा: हथनीकुंड बैराज में ट्रेनिंग के दौरान हादसा, तेज बहाव में बहे 5 जवान, 2 कमांडो लापता

सिंबल और नाम की लड़ाई पर होगा फैसला, सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना के अधिकार पर सुनवाई, दिल्ली पहुंचे एकनाथ शिंदे