झांसी पानी की टंकी से रिसाव (सोर्स: नवभारत लाइव)
उत्तर प्रदेश

झांसी में हर घर जल योजना की टंकी बनी ‘फव्वारा’, पानी भरते ही जगह-जगह से होने लगी लीकेज

Jhansi Water Tank Leakage: टंकी से पानी का रिसाव होने की जानकारी मिलते ही कस्बे के लोग मौके पर पहुंचे। नवभारत की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। टंकी के कई हिस्सों से पानी बाहर निकलता दिखा।

आकाश साहू, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • 824 लाख रुपये की लागत से हुआ टंकी और पाइपलाइन का निर्माण

  • टेस्टिंग में खुली टंकी की गुणवत्ता की पोल

  • दोबारा मरम्मत के बाद भी नहीं रुका पानी का रिसाव

Tank Turned Into Fountain: हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के सरकारी दावे उस समय सवालों के घेरे में आ गए, जब झांसी जिले की नगर पंचायत बड़ागांव में करोड़ों रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी पानी भरते ही जगह-जगह से रिसने लगी। टंकी की टेस्टिंग के दौरान पानी दीवारों से इस कदर बाहर निकलने लगा कि वह पानी की टंकी कम और फव्वारा ज्यादा नजर आने लगी। खास बात यह है कि पहले भी लीकेज की शिकायत सामने आने पर मरम्मत कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोबारा पानी का रिसाव शुरू हो गया। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दरअसल, भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की हर घर जल योजना के तहत बड़ागांव कस्बे में पानी की टंकी और पाइपलाइन का निर्माण कराया गया है। उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय, झांसी की ओर से टंकी समेत पूरी पाइपलाइन का काम करीब 824 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। कस्बे के हजारों लोगों को उम्मीद थी कि टंकी तैयार होने के बाद उन्हें पेयजल संकट से राहत मिलेगी। लेकिन पानी भरकर टेस्टिंग शुरू होते ही टंकी की हकीकत सामने आने लगी।

मरम्मत के बावजूद स्थिति जस की तस

टंकी से पानी का रिसाव होने की जानकारी मिलते ही कस्बे के लोग मौके पर पहुंच गए। नवभारत की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। टंकी के कई हिस्सों से पानी बाहर निकलता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहली बार टेस्टिंग के दौरान भी टंकी से पानी रिस रहा था। इसके बाद निर्माण करने वाली एजेंसी के कर्मचारियों ने मरम्मत की थी, लेकिन अब फिर वही स्थिति बन गई है।

नगर पंचायत बड़ागांव के वार्ड नंबर दो के सभासद गौरव झारखड़िया ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने गंगा, जमुना और सरस्वती का उद्गम करा दिया है। पानी की टंकी से ही तीनों नदियों का संगम बन गया है। वहीं निर्मल वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या है। पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गईं और लोग करीब दो साल से परेशान हैं। इसके बावजूद टंकी से पानी मिलने की उम्मीद अब लीकेज के चलते अधूरी नजर आ रही है।

जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

बिट्टू तिवारी ने आशंका जताई कि जब सामान्य तरीके से पानी भरने पर टंकी का यह हाल है तो प्रेशर से पानी भरने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। अनूप दुबे ने कहा कि बार-बार मरम्मत के बजाय टंकी को स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाना चाहिए। वहीं स्थानीय महिला ने निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया।

विवेक कुशवाहा ने व्यंग्य करते हुए कहा कि चार-पांच दिनों से टंकी से पानी की बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी टंकी बनाने वाले धन्य हैं, जिससे लोग नहा भी सकते हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

बुंदेलखंड क्षेत्र में पानी की टंकियों में लीकेज के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। महोबा के चरखारी क्षेत्र के नगरा डांग गांव और ललितपुर के क्षेत्र में भी टंकी की टेस्टिंग के दौरान पानी का रिसाव होने की शिकायतें सामने आई थीं। अब बड़ागांव की टंकी ने निर्माण की गुणवत्ता पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस मामले में पक्ष जानने के लिए जल निगम के अधिशासी अभियंता से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। खबर लिखे जाने तक विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। अब देखना होगा कि टंकी की तकनीकी जांच कराकर लीकेज की स्थायी मरम्मत कराई जाती है या निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार इंजीनियरों पर भी कार्रवाई होगी।

छठ पूजा से ₹65,000 करोड़ की होगी कमाई! UP, बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों की चमकेगी अर्थव्यवस्था

IndiGo की पुणे-गुवाहाटी फ्लाइट में तकनीकी खराबी, उड़ान भरने के बाद एयरपोर्ट लौटा विमान

सोनिया गांधी की किताब पर सियासी घमासान, दिल्ली में विमोचन पर जुटेंगे कई दिग्गज; राजनीतिक संदेश देने की तैयारी

आगामी चुनाव से पहले अभिजीत दीपके ने पसारे पैर, CJP ने यूपी-बिहार समेत 10 राज्यों में बनाई समितियां

भारत समिट: राहुल गांधी के समर्थन में खुलकर बोले यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव, केंद्रीय मंत्री ने उठाए सवाल