Jhansi School Student Rape Case: झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र में 12वीं की छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने स्कूल के लिपिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रैक्टिकल में नंबर बढ़ाने का लालच देकर छात्रा को बहलाया-फुसलाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। छात्रा ने आरोपी पर बार-बार मिलने का दबाव बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं, एसपी सिटी प्रीति सिंह के मुताबिक, पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
रक्सा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी सुरेंद्र पाल को गिरफ्तार किया है,आरोपी पुनावली कला गांव का निवासी है, पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्रा के स्कूल में लिपिक के पद पर कार्यरत था। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को पीड़िता की ओर से थाने में शिकायत दी गई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि आरोपी ने 12वीं की छात्रा को प्रैक्टिकल में नंबर बढ़ाने का लालच देकर बहलाया-फुसलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उस पर बार-बार अपने पास आने का दबाव बना रहा था। इसके अलावा अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्सा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 22 अक्टूबर को सुबह करीब 7:34 बजे सारमऊ तिराहे से आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 12वीं की छात्रा ने स्कूल के लिपिक पर प्रैक्टिकल के अंक बढ़ाने के नाम पर बहलाकर संबंध बनाने का आरोप लगाया था। छात्रा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद नामजद आरोपी सुरेंद्र पाल को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरज सिंह, हेड कांस्टेबल अजमत उल्ला और कांस्टेबल रविकांत शामिल रहे।
रिपोर्ट- आकाश साहू