झांसी के बड़ागांव थाने में दीपावली (सोर्स: नवभारत लाइव)
उत्तर प्रदेश

दीपावली पर घर नहीं गईं झांसी की महिला सिपाही, बोलीं- थाना ही हमारा घर, क्षेत्रवासी हमारा परिवार

Jhansi Police: स्वयं और अपने परिवार से पहले कर्तव्य के प्रति निष्ठा रखने वाली महिला सिपाहियों का कहना था कि जिस थाने में उनकी पोस्टिंग है, वही उनका घर और क्षेत्र में रहने वाले लोग ही उनका परिवार हैं।

आकाश साहू, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • त्योहार पर घर जाने के बजाय थाने को ही मनाई दिवाली

  • महिला सिपाहियों ने परिवार से पहले फर्ज को चुना, कहा- जिम्मेदारी से समझौता नहीं

  • कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा का अद्भुत उदहारण

Jhansi Baragaon Police Station: झांसी के बड़ागांव थाने में दीपावली का एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने खाकी के पीछे छिपे कर्तव्य और समर्पण की एक खूबसूरत तस्वीर पेश की। 2025 बैच की महिला सिपाहियों ने त्योहार पर घर जाने के बजाय थाने को ही अपना घर मानते हुए परिसर में आकर्षक रंगोली सजाई और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को अपनी पहली जिम्मेदारी बताया।

पूरे देश में दीपावली का पर्व परिवार और अपनों के साथ खुशियां बांटने का अवसर होता है। दूर-दराज में रहने वाले लोग भी इस खास दिन अपने घर पहुंचने की कोशिश करते हैं। लेकिन समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस के लिए त्योहार भी अक्सर ड्यूटी के बीच ही गुजरते हैं।

घर आने की इच्छा लेकिन कर्तव्य ही प्राथमिकता

झांसी के बड़ागांव थाने में दीपावली के दिन कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी ही तस्वीर सामने आई। 2025 बैच की महिला सिपाहियों सत्यांजलि पाल, रीता और पूनम ने थाना परिसर में आकर्षक रंगोली बनाकर दीपावली का उत्सव मनाया। रंगोली में उत्तर प्रदेश पुलिस और थाना बड़ागांव से जुड़े संदेशों को खूबसूरती से उकेरा गया, जिससे पूरे थाना परिसर की रौनक बढ़ गई।

महिला सिपाहियों ने बताया कि यह नौकरी में शामिल होने के बाद उनकी पहली दीपावली है। परिवार के लोगों ने फोन कर उनसे घर आने की इच्छा जताई थी, लेकिन उन्होंने अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी। महिला सिपाहियों का कहना था कि जिस थाने में उनकी पोस्टिंग है, वही अब उनका घर है और क्षेत्र में रहने वाले लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं।

जहां भी हो तैनाती, लोगों की सुरक्षा और सेवा ही कर्तव्य

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में शामिल होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी समझाई गई है कि जहां भी तैनाती मिले, वहां के लोगों की सुरक्षा और सेवा को अपना कर्तव्य समझना है। ऐसे में जब क्षेत्रवासियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उन्होंने ली है, तो उसे निभाना भी जरूरी है। अपने परिवार से त्योहार के बाद भी मिला जा सकता है, लेकिन ड्यूटी और जिम्मेदारी से समझौता नहीं किया जा सकता।

महिला सिपाहियों ने बताया कि उनकी पहली पोस्टिंग थाना बड़ागांव में हुई है और यहां के लोगों से मिलजुल कर उन्हें अपनापन महसूस होता है। दीपावली के मौके पर थाना स्टाफ ने भी एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और खुशियां बांटकर पर्व मनाया। इस दौरान थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे समेत थाना स्टाफ मौजूद रहा।

क्या नए साल में आपके पुराने चेकबुक काम में नहीं आएंगे; Cheque Book के नए नियम को लेकर RBI ने किया क्लियर

उत्तर भारत में जल्द पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों के मौसम में हो रहा बड़ा उलटफेर

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड

BJP सांसद निशिकांत ने राहुल से पूछा चीन से जुड़े दो बड़े सवाल, 200 लोगों के नाम-पते सार्वजनिक करने की मांग

School Holiday: नवंबर में कहीं 21 दिन तो कहीं 11 दिन तक स्कूल बंद, जानें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल