मृत युवक और पुलिस। 
उत्तर प्रदेश

यूपी में युवक ने पहले युवती को मारी गोली, फिर खुद भी किया सुसाइड

Uttar Pradesh Crime News: सतनाम गुड्डन से एकतरफा प्‍यार कर रहा था। वह उससे शादी करना चाहता था। बार-बार दबाव बनाता रहता। गुड्डन ने कभी रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। इधर, सतनाम का जुनून बढ़ता जा रहा था।

रंजन कुमार

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिला स्थित महावतपुर बावली गांव में गुरुवार सुबह हुई वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। हरिजन चौपाल के नजदीक गोलियों की गूंज ने गांव के सन्नाटे को चीर दिया। एकतरफा प्‍यार में 23 वर्षीय सतनाम कटारिया ने गोली मारकर गुड्डन की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को मौत के घाट उतार लिया।

गुड्डन (18) लख्मी सैनी की बेटी थी। वह घर में सिलाई का काम कर परिवार की मदद करती थी। उसके पिता बड़ौत कोतवाली में चौकीदार हैं। गुड्डन का घर गांव की एक संकरी गली में था, जहां आसपास मजदूर परिवार रहते थे। इनमें से एक सतनाम कटारिया का परिवार भी था, जो पंजाब में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। सतनाम कुछ दिन पहले गांव लौटा था।

गुड्डन से एकतरफा प्‍यार करता था सतनाम

सतनाम लंबे समय से गुड्डन से एकतरफा प्‍यार कर रहा था। वह उससे शादी करना चाहता था। उसके ऊपर बार-बार दबाव बनाता रहता। गुड्डन ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, लेकिन सतनाम का जुनून दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक सतनाम अक्सर गुड्डन के घर के बाहर घूमता रहता था। परिवार ने भी कई बार उसे समझाया, लेकिन उसकी सनक रुकने का नाम न लेने वाली थी।

रास्‍ते में रोका और मार दी गोली

गुरुवार सुबह दस बजे का समय था। गुड़्डन घर से कुछ जरूरी सामान लेने निकली। वह घर के पीछे वाली गली में पहुंची थी कि सतनाम ने उसका रास्ता रोका। दोनों के बीच पहले गरमागरम बहस हुई। सतनाम ने गुड्डन से फिर शादी की बात की, लेकिन उसकी अस्वीकृति ने उसे पागल बना दिया। अचानक सतनाम ने तमंचा निकालकर गुड्डन के सिर में गोली मार दी। युवती खून से लथपथ होकर जमीन पर ढेर हो गई। गली में चीख-पुकार मच गई। लोग दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सतनाम ने खुद को गोली मारने की कोशिश की, मगर तमंचे में गोली अटक गई। निराश और गुस्से में वह भागा और घर पहुंचा और आंगन में पेड़ की डाल पर फंदा बनाकर लटक गया।

सतनाम का तमंचा बरामद

बड़ौत कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गुड्डन को गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की तलाशी ली और सतनाम का खराब तमंचा बरामद किया। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस डबल ट्रेजडी की खबर पर एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ बड़ौत विजय कुमार भी जांच के लिए पहुंचे। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में साफ हो गया है कि यह एकतरफा प्यार का अंजाम था। सतनाम के परिवार का बयान दर्ज किया जा रहा है। गुड्डन की मां राजकली बेटी की मौत से टूट चुकी हैं। पूरा गांव इस घटना से सदमे में है।

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

पुणे के बाद अब नागपुर, नासिक और कोल्हापुर में भी चलेगी भारत टैक्सी! अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

जब लालू यादव ने राज ठाकरे को दी थी खुली चुनौती, क्या है मुंबई के शिवाजी पार्क में छठ करने वाली घटना? VIDEO

UNGA Death Penalty Vote: फांसी की सजा खत्म करने के प्रस्ताव पर भारत का विरोध, अमेरिका-चीन भी आए साथ

Kal Ka Mausam: 16 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? IMD ने जारी किया अलर्ट