हमीरपुर नाव हादसा (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया) 
उत्तर प्रदेश

हमीरपुर नाव हादसा: यमुना में नाव डूबने से मचा कोहराम, महिला-बच्चों समेत 6 लापता, तलाश अभियान में जुटी SDRF टीम

Boat Sinks In Yamuna River: हमीरपुर जिले में यमुना नदी में एक बड़ा नाव हादसा हुआ है। नाव में 9 लोग सवार थे। हादसे में तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 6 अभी भी लापता हैं। तलाश अभियान जारी है।

अमन मौर्या

Hamirpur Boat Accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में एक बड़ा नाव हादसा हुआ है। कुरारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया में बुधवार देर शाम एक नाव पलट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव में 9 लोग सवार थे। हादसे में तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 6 अभी भी लापता हैं। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से देर रात नदी में राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। लापता लोगों की तलाश में नदी में जाल भी डाला गया।

शादी के बाद हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को कुतुबपुर पटिया निवासी विष्णु पुत्र रामस्वरूप की भतीजी की शादी थी। विदाई के बाद बुधवार को शाम करीब 4 बजे परिवार और रिश्तेदार गांव से एक किलोमीटर दूर यमुना नदी के टापू पर तरबूज लेने गए थे। वापस आते समय नाव अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। हादसे में चीख-पुकार मच गई। नाव में सवार नौ लोगों में से नाविक विष्णु पुत्र रामस्वरूप निवासी कुतुबपुर पटिया, पारुल पुत्री बउआ निवासी कुतुबपुर पटिया और रिंकू पुत्र राजू निवासी कुतुबपुर पटिया को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बेहोशी की हालात में तीनों को सीएचसी कुरारा भर्ती कराया गया। अभी उनका इलाज चल रहा है।

6 अभी भी लापता

नाव में सवार बाकी 6 लोग अभी भी लापता हैं। इसमें रानी पुत्री बच्चन (9) निवासी पटिया, आकांक्षा (9) पुत्री रामहेत, बृजरानी (25) पत्नी पप्पू निवासी मनकी, गोरेलाल (6) पुत्र महेश, लभ्यांश (5) पुत्र विष्णु निवासी मनकी और आदित्य (11) पुत्र महेश निवासी घाटमपुर शामिल हैं। देर रात तक इनकी तलाशी जारी रही। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, जिलाधिकारी अभिषेक गोयल, सीओ सदर राजेश कमल और थाना प्रभारी बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा कुतुबपुर से पटिया तक नदी में जाल डालकर लापता लोगों की तलाश की गई।

'बचाव अभियान जारी'

हादसे की जानकारी देते हुए DM अभिषेक गोयल ने बताया घाटमपुर से 9 लोगों को लेकर जा रही एक नाव यमुना नदी में पलट गई। खबर मिलते ही, स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। 3 लोगों को तुरंत बचा लिया गया, लेकिन बाकी 6 लोग अभी भी लापता हैं। NDRF, SDRF और बाढ़ राहत इकाइयों सहित बचाव दलों को बुलाया गया है। SDRF की टीम पहुंच चुकी है और बाकी टीमें रास्ते में हैं। बचाव अभियान जारी है।

आगे उन्होंने बताया कि नाव में सवार लोग असल में एक सामान्य यात्रा से लौट रहे थे, जिसमें आज थोड़ी देरी हो गई थी। जीवित बचे नाविक ने बताया कि नाव पलटी नहीं, बल्कि अपने आप ही पानी में डूब गई। जिन लोगों को तैरना आता था, वे तो बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि लापता 6 लोगों की तलाश अभी भी जारी है। बचाव अभियान पूरी रात जारी रहेगा।

'तलाशी में जुटी SDRF टीम'

वहीं भाजपा विधायक मनोज प्रजापति ने कहा यमुना नदी में एक नाव पलट गई है जिसमें 6 लोग अभी तक तापता है। 5 बच्चे एक महिला हैं। प्रशासन पूरी तरीके से मुस्तैद हैं। SDRF की 3 टीम लगी हैं, NDRF आने वाली है। सरकार नियम संगत कार्य करेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 6 राज्यों में नियुक्त किए राज्यपाल, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी

चलती कार डिवाइडर से टकराई, धू-धू कर लगी जलने; आग में झुलसने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत

Identify Fake News: सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों की पहचान कैसे करें? जानें 10 आसान तरीके...

INDIA Bloc Protest: इंडिया गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट मार्च, CEC के खिलाफ याचिका दायर; आज दिन भर क्या-क्या हुआ?

गाजियाबाद के शहीद नगर में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरा मकान का लेंटर; कई लोग मलबे में दबे