नाथ पंथ की संत परंपरा के वाहक हैं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ
पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन पर नहीं पहुंच सके थे योगी
माता के निधन पर गांव पहुंचकर अंतिम संस्कार की परंपराओं का निर्वहन भी किया
Savitri Devi Passes Away Gorakhnath Temple Special Prayers: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। माता के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंचे। बीते दिन से लेकर आज तक वह अपनी माता के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार से जुड़ी सभी रस्मों को पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न करा रहे हैं।
वहीं, गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में नियमित पूजा-पाठ की व्यवस्था पहले की तरह ही चलती रही। माता के निधन के बाद भी मंदिर की दैनिक पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया। मंदिर में होने वाले नियमित अनुष्ठान अपने निर्धारित समय पर संपन्न होते रहे।
गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ नाथ पंथ की संत परंपरा के वाहक हैं। संत जीवन में व्यक्ति सांसारिक मोह-माया और पारिवारिक संबंधों से ऊपर उठकर जीवन व्यतीत करता है। हालांकि धर्माचार्यों का मानना है कि माता-पिता के प्रति संतान का ऋण कभी समाप्त नहीं होता।
मातृऋण से कोई व्यक्ति मुक्त नहीं हो सकता। इसी भाव के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी माता के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव पहुंचे।
गौरतलब है कि कोरोना काल में जब उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था, उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैतृक गांव नहीं पहुंच सके थे। हालांकि इस बार माता के निधन पर वह स्वयं गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार की सभी परंपराओं का निर्वहन किया।
इधर, गोरखनाथ मंदिर परिसर में संचालित संस्कृत पाठशाला के वेदपाठी ब्राह्मणों और बटुकों ने गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की। इस दौरान 108 बार श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ किया गया।
इसके बाद योगी आदित्यनाथ की माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। वेदपाठी ब्राह्मणों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस तरह गोरखनाथ मंदिर में नियमित पूजा व्यवस्था को यथावत रखते हुए माता सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।