अखिलेश यादव के स्वागत में खड़े बुलडोजर की चपेट में आकर 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत
हादसे के बाद सपा के राष्ट्रीय और स्थानीय नेताओं की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
आज शाम पांच बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
Political Leaders Condolence Controversy: सियासत में शक्ति प्रदर्शन, स्वागत और नारों की गूंज के बीच कभी-कभी ऐसे सवाल खड़े हो जाते हैं, जिनका जवाब राजनीति के पास भी नहीं होता। क्या राजनीतिक विरोध और समर्थन की लड़ाई में मानवीय संवेदनाएं भी पीछे छूट जाती हैं? गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दौरे के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद कुछ ऐसे ही सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से पीडीए वैन में सवार होकर चौरीचौरा के देवकही गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके स्वागत के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे। एयरपोर्ट से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे महादेव झारखंडी मंदिर के पास स्वागत के लिए खड़े बुलडोजर की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन की दर्दनाक मौत हो गई। महज 14 साल की उम्र में एक परिवार का चिराग बुझ गया।
आर्यवर्धन भारतीय जनता पार्टी के नेता ओमकार सिंह श्रीनेत का पुत्र था और दसवीं कक्षा का छात्र था। जिस उम्र में उसके हाथों में किताबें और आंखों में भविष्य के सपने होने चाहिए थे, उस उम्र में परिवार को उसकी अर्थी उठानी पड़ी।
इस घटना के बाद एक और सवाल चर्चा में है। अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से खबर लिखे जाने तक आर्यवर्धन की मौत पर कोई सार्वजनिक संवेदना संदेश सामने नहीं आया है। इतना ही नहीं, स्थानीय स्तर पर भी समाजवादी पार्टी के किसी नेता के परिवार के दरवाजे पर पहुंचकर शोक व्यक्त करने या खेद जताने की जानकारी सामने नहीं आई है।
सवाल यह नहीं है कि मृतक के पिता किस राजनीतिक दल से जुड़े हैं, सवाल यह है कि एक 14 वर्षीय बच्चे की जान गई है। क्या दुख जताने के लिए भी राजनीतिक पहचान देखी जाएगी? क्या संवेदना भी अब राजनीतिक खेमों में बंट गई है?
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम पांच बजे वह कुंडाघाट, महादेव झारखंडी स्थित आर्यवर्धन के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
राजनीति अपनी जगह है, लेकिन एक मासूम की जिंदगी किसी विचारधारा या दल से बड़ी होती है। आर्यवर्धन की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सार्वजनिक जीवन में संवेदनाओं के लिए भी राजनीतिक पक्ष देखना जरूरी हो गया है?