गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए सीएम योगी
502 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
बोले- सपा सरकार यहां पर बूचड़खाना खोलना चाहती थी
CM Yogi Visit Gorakhpur GIDA: गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उन्होंने 502 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
सीएम गीडा के पुराने दिनों को याद करते हुए समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय था जब गीडा में उद्योग नहीं लगते थे।
उन्होंने कहा कि उस समय समाजवादी पार्टी की सरकार ने यहां उद्योगों को बढ़ावा देने के बजाय बूचड़खाना खोलने का कुत्सित प्रयास किया था। आज गीडा की तस्वीर बदल रही है। यहां उद्योग स्थापित हो रहे हैं और निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।
रविवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों की प्रतिभा और ऊर्जा पर उन्हें पूरा विश्वास है। नौजवान जब अंगड़ाई लेता है तो धाराएं बदलती हुई दिखाई देती हैं। युवाओं के भीतर अपार क्षमता है। जरूरत केवल उन्हें अवसर और बेहतर माहौल देने की है। प्रदेश सरकार इसी दिशा में काम कर रही है, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने सरकार की कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रदेश में पिक एंड चूज नहीं है। चेहरा देखकर काम नहीं होता। सरकार सभी के लिए समान रूप से काम कर रही है। विकास योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में विकास की प्राथमिकता किसी व्यक्ति विशेष के बजाय जनहित और क्षेत्र की जरूरतों के आधार पर तय की जा रही है।
सीएम योगी ने कहा कि गीडा ने बीते वर्षों में लंबा सफर तय किया है। कभी जिस क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना की उम्मीद कमजोर दिखाई देती थी, आज वही क्षेत्र निवेश के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। औद्योगिक विकास से केवल बड़ी कंपनियों को ही फायदा नहीं होता, बल्कि स्थानीय युवाओं, छोटे कारोबारियों और आसपास के लोगों के लिए भी आर्थिक गतिविधियों के नए रास्ते खुलते हैं।
502 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
गीडा के 37वें स्थापना दिवस को इसी बदलाव के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने 502 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से गीडा में औद्योगिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि औद्योगिक विकास का लाभ आम लोगों तक पहुंचे और गोरखपुर पूर्वांचल में रोजगार तथा निवेश का मजबूत केंद्र बने।