तीन दिवसीय प्रवास में 30 नवंबर को करेंगे गौरक्षा कार्यालय का उद्घाटन
योगी के गढ़ में अविमुक्तेश्वरानंद के आगमन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा
प्रवास का प्रमुख उद्देश्य गौ रक्षा के अभियान को आगे बढ़ाना और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना
Avimukteshwaranand Demands Gau Mata Rashtra Mata Status: धार्मिक मुद्दों पर लगातार मुखर रहने और अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती तीन दिवसीय प्रवास पर रविवार को गोरखपुर पहुंच रहे हैं। उनका यह दौरा भले ही गौ रक्षा और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मुहिम से जुड़ा हो, लेकिन गोरखपुर की राजनीतिक अहमियत को देखते हुए इसके सियासी मायने भी तलाशे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में उनके आगमन को धार्मिक गतिविधि के साथ-साथ राजनीतिक नजरिये से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का गोरखपुर प्रवास 29 नवंबर से शुरू होकर एक दिसंबर तक चलेगा। रविवार 29 नवंबर को उनका कोई सार्वजनिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं है। इसके बाद 30 नवंबर को वह गौरक्षा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। एक दिसंबर को गोरखपुर से बिहार के लिए रवाना हो जाएंगे। इस दौरान उनका प्रमुख उद्देश्य गौ रक्षा के अभियान को आगे बढ़ाना और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को मजबूती देना है।
अविमुक्तेश्वरानंद का नाम उन धार्मिक चेहरों में शामिल है, जो केवल धार्मिक मंचों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि कई बार अपने बयानों और आंदोलनों के जरिए सीधे राजनीतिक विमर्श के केंद्र में आ जाते हैं। गौ रक्षा का मुद्दा भी ऐसा है, जिसका धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और राजनीतिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में प्रश्न यह है कि अविमुक्तेश्वरानंद का गोरखपुर आगमन महज एक धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित रहेगा या इसके जरिए किसी बड़े वैचारिक संदेश को भी धार मिलेगी।
गोरखपुर पूर्वांचल की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां से उठने वाले धार्मिक-सामाजिक मुद्दों का असर क्षेत्रीय विमर्श में भी दिखाई देता है। ऐसे में अविमुक्तेश्वरानंद का तीन दिवसीय प्रवास राजनीतिक चर्चाओं को भी जगह दे सकता है। हालांकि, उनके निर्धारित कार्यक्रमों में फिलहाल किसी राजनीतिक दल या नेता के साथ मुलाकात का उल्लेख नहीं है। इसलिए इस दौरे को किसी राजनीतिक गतिविधि से जोड़ना जल्दबाजी होगी।