तिवारी हाता पहुंचे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव (सोर्स- नवभारत लाइव)
गोरखपुर

योगी के मठ के समानांतर तिवारी हाता की चौखट पर अखिलेश यादव, ब्राह्मण सियासत को बड़ा संदेश

Akhilesh Yadav Tiwari Hata Gorakhpur: गोरखपुर में अखिलेश यादव का दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा। तिवारी हाता पहुंचकर संदेश दिया, जिसके मायने पूरे पूर्वांचल में निकाले जा रहे।

अनुराग मिश्रा, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • अखिलेश ने तिवारी हाता पहुंचकर भीष्म शंकर और विनय शंकर तिवारी से मुलाकात की

  • सपा की नजर पूर्वांचल के ब्राह्मण वोट बैंक पर मानी जा रही है

  • PDA के बाद अखिलेश ने ब्राह्मण नेताओं से मिलकर सामाजिक समीकरण साधने का संदेश दिया

Gorakhpur Brahmin Politics: सीमए योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल की सियासी जमीन पर अपनी पैठ मजबूत करने पहुंचे अखिलेश ने तिवारी हाता की चौखट पर पहुंचकर एक ऐसा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की, जिसके मायने गोरखपुर से लेकर पूरे पूर्वांचल तक निकाले जा रहे हैं।

जिस ‘हाता नहीं भाता’ के जुमले के जरिए अखिलेश अक्सर अपनी राजनीतिक बात रखते रहे हैं, उसी हाता पहुंचकर उन्होंने सियासत के इस पुराने केंद्र को साधने का संकेत दिया।

मठ के समानांतर तिवारी हाता का राजनीतिक प्रभाव

गोरखपुर की राजनीति को समझने के लिए यहां के दो प्रभावशाली केंद्रों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। एक तरफ गोरखनाथ मठ है, जिसका राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव दशकों से रहा है, तो दूसरी तरफ तिवारी हाता है, जिसने पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग पहचान और प्रभाव कायम किया है। पूर्व मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी ने इस राजनीतिक विरासत को मजबूत आधार दिया था। ब्राह्मण समाज के बीच उनकी पकड़ और राजनीतिक प्रभाव लंबे समय तक गोरखपुर की सियासत का अहम हिस्सा रहे हैं।

अखिलेश यादव का तिवारी हाता पहुंचना इसी राजनीतिक महत्व को समझने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने यहां पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश यादव काफी देर तक हाता में रुके और तिवारी परिवार के साथ बातचीत की। यह महज औपचारिक मुलाकात होती तो इतनी देर तक वहां ठहरने की राजनीतिक चर्चा शायद इतनी अहम नहीं होती।

ब्राह्मण वोट बैंक पर नजर, विरासत को साथ लेने की कोशिश

गोरखपुर और आसपास के जिलों में ब्राह्मण मतदाताओं की राजनीतिक भूमिका कई सीटों पर निर्णायक मानी जाती है। ऐसे में अखिलेश यादव की इस मुलाकात को ब्राह्मण समाज के बीच सपा की राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

तिवारी परिवार की राजनीतिक विरासत के जरिए सपा पूर्वांचल में एक ऐसा संदेश देना चाहती है कि पार्टी क्षेत्रीय प्रभाव रखने वाले पुराने राजनीतिक परिवारों को अपने साथ जोड़ने के लिए तैयार है।

2027 से पहले प्रतीकों के जरिए सियासी संदेश

अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा एक व्यापक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा नजर आया। चौरीचौरा में PDA की राजनीतिक गोलबंदी और तिवारी हाता में ब्राह्मण नेतृत्व से मुलाकात, दोनों के अपने अलग राजनीतिक अर्थ हैं। एक तरफ पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को जोड़ने का प्रयास है, तो दूसरी तरफ सवर्ण समाज के प्रभावशाली चेहरों तक पहुंच बनाने की कोशिश।

हालांकि, किसी एक मुलाकात को सीधे चुनावी गठजोड़ या समर्थन का संकेत मानना जल्दबाजी होगी, लेकिन इतना स्पष्ट है कि अखिलेश यादव ने तिवारी हाता पहुंचकर गोरखपुर की राजनीति के एक महत्वपूर्ण केंद्र को अपनी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सवाल यह है कि ‘हाता नहीं भाता’ कहने वाले अखिलेश का हाता पहुंचना क्या 2027 में पूर्वांचल के सामाजिक और राजनीतिक समीकरण बदलने की शुरुआत है?

रानी लक्ष्मीबाई: मातृशक्ति के साहस की वह गाथा, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी

रिकोव वेंचर्स ने जुटाए 56.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रिसाइक्लिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार

दिल्ली में फॉर्च्यूनर और ऑटो-रिक्शा की भीषण टक्कर, 2 लोगों की मौत 6 घायल

Patiala Bridge Collapse: पंजाब के पटियाला-संगरूर बाईपास पर भाखड़ा नहर का पुल ढहा, दो ट्रक नदी में गिरे

कल तट से टकराएगा Cyclone Akvan, ओडिशा के 13 जिलों में हाई अलर्ट, 400 से ज्यादा सेंटर तैयार, स्कूल बंद