Eastern Peripheral Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रविवार देर रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के पलटने से भीषण सड़क हादसा हो गया। बड़ागांव कट के पास हुए इस हादसे में एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, पिकअप में करीब 32 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान के बागड़ धाम से बदायूं लौट रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक कैंटर की टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा सभी घायलों को सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
सड़क हादसे की जानकारी देते हुए एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि, रात करीब 12 बजे डायल 112 पर दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चार पीआरवी यूनिट, एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे, जिन्हें वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बदायूं के अल्हापुर गांव के श्रद्धालु राजस्थान के बागड़ धाम की यात्रा से लौट रहे थे। बड़ागांव के पास एक कैंटर ने पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया।
इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद कई यात्री वाहन के नीचे दब गए। पुलिस और राहगीरों ने मिलकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक बच्ची सहित चार लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे में सभी घायलों को सावधानी से बाहर निकाला गया। जिसके बाद CHC और जिला अस्पताल ले जाया गया, वहीं कुछ घायलों को रेफर कर दिया गया है।