Azamgarh Triple Murder Encounter News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पत्नी और दो पुजारी की हत्या करने वाले सनकी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। मुठभेड़ में ढेर होने से पहले आरोपी ने अपने एक बेटे को भी गोली मार दी थी। इससे उसकी भी मौत हो गई। इस प्रकार मंगलवार देर रात चले इस खौफनाक ड्रामे का अंत तो हो गया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में 5 लोगों की जान चली गई। हालांकि, सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस दौरान एक आरोपी शख्स ने स्वयं ही पत्नी और बेटे तक को मार डाला।
अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, नवीन अरोड़ा के अनुसार, थाना अहरौला क्षेत्रान्तर्गत ग्राम शम्भूपुर में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी एवं 02 अन्य व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या की घटना में वरिष्ठ अधिकारीगण द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। आरोपी अरविंद को बच्चों सहित कमरे से बाहर निकालने के प्रयास के दौरान हुई फायरिंग में आरोपी एवं एक बच्चा घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।
बता दें, आजमगढ़ जिले में अहरौला थाना के शम्भूपुर गांव में यह यह खौफनाक घटना घटी। जहां मंगलवार शाम आरोपी अरविंद सिंह ने अपनी पत्नी समेत दो पुजारियों की हत्या करके अपने बच्चों के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची। पुलिस द्वारा आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहने पर वो अपने बच्चों को भी गोली मारने की धमकी दे रहा था। यह ड्रामा काफी देर तक चलता रहा। इस बीच आरोपी ने देर रात कमरे में बंधक बनाए अपने बच्चे को भी गोली मार दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार ने बतााय कि थाना अहरौला क्षेत्रान्तर्गत ग्राम शम्भूपुर में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी एवं 02 अन्य व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी अरविंद को बच्चों सहित कमरे से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पर्याप्त चेतावनी के बावजूद आरोपी द्वारा अपने एक बच्चे को गोली मार दी गई। बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी अरविंद घायल हो गया। आरोपी एवं घायल बच्चे को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान आरोपी अरविंद एवं उसके बच्चे की मृत्यु हो गई।
पुलिस द्वारा मौके से 02 बच्चों को सकुशल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल, एसओजी एवं फॉरेन्सिक टीम मौजूद है। घटनास्थल से साक्ष्य संकलन एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।