मणिराम दास जी छावनी में सर्वसम्मति से सात प्रस्ताव पारित
कारसेवकों पर गोलीबारी के मामले में अखिलेश से सार्वजनिक माफी की मांग
सपा नेताओं बोले- अखिलेश सपरिवार आस्था के तहत रामलला के दर्शन करेंगे
Ayodhya Saints Meeting: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले संतों ने विरोध जताया है। मणिराम दास जी छावनी में करीब 400 साधु-संतों की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से 7 प्रस्ताव पारित किए गए।
संतों ने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या की पांच कोस की शास्त्रीय सीमा में प्रवेश करने से पहले 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के मामले में माफी मांगनी चाहिए।
संतों की ओर से रखे गए प्रस्तावों में कारसेवकों के परिजनों और संत समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगने की शर्त भी शामिल है। उनका कहना है कि अखिलेश यादव को पहले अपने अतीत के लिए प्रायश्चित करना चाहिए। इसके लिए उन्हें सरयू नदी में स्नान करने की मांग भी रखी गई है। संतों के मुताबिक, इसके बाद ही उन्हें रामलला के दर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
बैठक में संतों ने 1990 में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि उस समय उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और कारसेवकों पर गोली चलाई गई थी। संतों ने मांग की कि अखिलेश यादव इसके लिए कारसेवकों के परिवारों और संत समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
संतों ने सपा प्रमुख के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होने और पूर्व में मठाधीशों व संतों को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा धार्मिक आस्था के बजाय राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। संतों ने इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए राजनीतिक दिखावा बताया।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेताओं और सांसदों ने संतों की मांगों से अलग रुख रखा है। अवधेश प्रसाद और जियाउर्रहमान बर्क समेत सपा नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव सपरिवार अपनी आस्था के तहत अयोध्या जा रहे हैं। वहां वे भगवान राम और हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे।
सपा नेताओं का कहना है कि किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में दर्शन करने से नहीं रोका जाना चाहिए। ऐसे में अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे से पहले अयोध्या में संतों और सपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।