Agra Hanuman Temple Theft: थाना अछनेरा क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब अज्ञात चोरों ने एक हनुमान मंदिर को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात चोर मंदिर के पीछे लगे जंगले को काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोर मंदिर परिसर में रखा दानपात्र उखाड़कर अपने साथ ले गए। मंदिर के महंत के मुताबिक दानपात्र में एक लाख रुपये से अधिक की रकम होने की बात सामने आई है। हालांकि वास्तविक रकम का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चोर मंदिर को निशाना बना चुके हैं। लगातार दूसरी बार मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन कई मामलों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर धार्मिक स्थल भी चोरों से सुरक्षित नहीं हैं और क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, तो आखिर पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था कितनी प्रभावी है? बावजूद इसके ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही मंदिर में चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।