Sudhanshu Trivedi Statement On Donation Controversy: राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर सियासत तेज है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ.सुधांशु त्रिवेदी ने आगरा में इस मुद्दे पर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी ने भगवान राम के नाम और उनके धाम के नाम पर पाप किया है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बुधवार को कमलानगर स्थित राज्यसभा सांसद नवीन जैन के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ.त्रिवेदी ने कहा कि वह स्वयं भी राम मंदिर आंदोलन से भावनात्मक रूप से जुड़े रहे हैं। ऐसे में चंदे में कथित गड़बड़ी की खबर उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी आहत करती है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि "भगवान राम का नाम लेने से पाप कटते हैं, लेकिन यदि किसी ने राम के नाम पर ही पाप किया है तो उसे न राजदंड से बचाया जाएगा और न ही धर्मदंड से।" हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई केवल भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए ताकि न्यायालय में दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाई जा सके।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर केस में मिला ‘रामराज्य कोष’ का बक्सा! आरोपी अविनाश के योग केंद्र से जुड़े तार, QR देख पुलिस हैरान
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देश की जनता अच्छी तरह जानती है कि भगवान राम की आस्था का सम्मान कौन करता है और कौन इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा आस्था के विषयों पर राजनीति नहीं, बल्कि जवाबदेही और न्याय में विश्वास रखती है।
अपने आगरा दौरे के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से उनकी जयंती तक पूरे देश में जनजागरण अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत उनका आगरा आगमन हुआ है।
देश की अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) समेत कई वैश्विक संस्थाएं भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था मान रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
डॉ.त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के मुद्दों पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और जनता भी इन प्रयासों का समर्थन कर रही है।