Pan Asian Barbecue Festival Agra: अगर आप ताज नगरी आगरा घूमने का प्लान बना रहे हैं और ऐतिहासिक स्मारकों के दीदार के साथ लजीज व्यंजनों का स्वाद लेना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए खास है। दुनिया भर में पर्यटन के लिए मशहूर आगरा में रोजाना हजारों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक ताजमहल के साथ आगरा किला और फतेहपुर सीकरी का दीदार करने पहुंचते हैं। ऐसे में खान-पान के शौकीन पर्यटकों के लिए शहर में एक खास फूड फेस्टिवल की शुरुआत की गई है।
क्लार्क शिराज ग्रुप की ओर से पैन एशियन बारबेक्यू फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। 28 अगस्त से शुरू हुआ यह फेस्टिवल 12 सितंबर तक चलेगा। फेस्टिवल में भारत के साथ थाईलैंड, मध्य पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया की पाक परंपराओं के लोकप्रिय ग्रिल्ड, रोस्टेड, स्मोक्ड और मसालेदार व्यंजनों का संगम देखने को मिलेगा।
फेस्टिवल में कबाब, शावरमा और विभिन्न प्रकार की बिरयानी के साथ थाई ग्रिल्ड मीट और एशियाई सॉस लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। लाइव बारबेक्यू और ग्रिल स्टेशन, लाइव कबाब एवं शावरमा स्टेशन, स्मोकी और चारकोल-ग्रिल्ड फ्लेवर, विभिन्न प्रकार के डिप्स, चटनी और सलाद के साथ लाइव कुकिंग और शेफ इंटरैक्शन भी फेस्टिवल को खास बनाएंगे।
क्लार्क शिराज के फूड एंड बेवरेज मैनेजर शंभू सिन्हा ने बताया कि फेस्टिवल के जरिए एशिया की अलग-अलग पाक संस्कृतियों, मसालों, मैरिनेशन और ग्रिलिंग तकनीकों को एक ही स्थान पर अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। उनका कहना था कि अलग-अलग देशों के स्वाद और पकाने की तकनीकें यहां एक साथ देखने और चखने को मिलेंगी।
चीफ शेफ उमेश कुंडालिया ने कहा कि पैन एशियन बारबेक्यू से लेकर सुगंधित बिरयानी और थाई ग्रिल्ड मीट तक, फेस्टिवल को मेहमानों को स्वाद, सुगंध और लाइव कुकिंग का यादगार अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां ऐसी-ऐसी पाक शैलियां और जायके देखने को मिलेंगे कि लोग उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
स्थानीय स्वाद को लेकर उन्होंने कहा कि आगरा ब्रज की धरती है और ब्रज की मिठास के बिना यहां का स्वाद अधूरा है। फेस्टिवल में एशियाई जायकों के साथ ब्रज की स्थानीय पाक संस्कृति और स्वाद की झलक भी देखने को मिलेगी।
सेल्स से जुड़े अनिल शर्मा ने बताया कि कैलाश राज ग्रुप की ओर से हर साल इस तरह के फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष एशिया के विभिन्न देशों से आने वाले मेहमान भी इस आयोजन का इंतजार करते हैं, क्योंकि यहां मिलने वाले लजीज व्यंजनों और स्वाद का अनुभव उन्हें कहीं और आसानी से नहीं मिलता।
ऐसे में ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी की ऐतिहासिक विरासत देखने आने वाले पर्यटकों के लिए यह फेस्टिवल आगरा की यात्रा में इतिहास के साथ स्वाद का नया अध्याय जोड़ने वाला साबित हो सकता है।