Highlights:
मोहब्बत की निशानी ताजमहल देखने आया था कपल
भारतीय परंपराओं से ऐसा जुड़ाव कि हिंदू रीति-रिवाज से रचा लिया विवाह
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मैटियो और कैटरीना ने लिए सात फेरे
Italian Couple Married In Agra: मोहब्बत की नगरी आगरा में प्रेम की एक ऐसी खूबसूरत तस्वीर सामने आई है, जिसने एक बार फिर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की वैश्विक लोकप्रियता को बयां किया है। दुनिया को मोहब्बत का पैगाम देने वाले ताजमहल की नगरी में इटली से आए एक प्रेमी जोड़े ने भारतीय विवाह परंपरा को अपनाते हुए हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई। सात फेरों, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विवाह संस्कारों के बीच इटली के मैटियो और कैटरीना ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
इटली के लिगुरिया क्षेत्र के निवासी मैटियो और कैटरीना भारतीय संस्कृति और हिंदू विवाह परंपराओं से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपने जीवन के इस खास पल को भारतीय संस्कारों के साथ यादगार बनाने का फैसला किया। विवाह की रस्में पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराईं। विदेशी जोड़े ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हिंदू विवाह की परंपराओं का निर्वहन किया।
इस विवाह की खास बात सिर्फ सात फेरे लेना नहीं रही, बल्कि हर रस्म के पीछे छिपे भारतीय दर्शन और उसके भाव को समझना भी रहा। विवाह के दौरान मैटियो और कैटरीना को वैदिक मंत्रों का अर्थ समझाया गया। उन्हें बताया गया कि हिंदू विवाह केवल दो लोगों का साथ आना नहीं, बल्कि विश्वास, समर्पण, जिम्मेदारी और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प है। सात फेरों के साथ लिए जाने वाले वचन जीवन के अलग-अलग दायित्वों और रिश्ते की मजबूती का संदेश देते हैं। विदेशी जोड़े ने इन परंपराओं को उत्साहपूर्वक अपनाया।
दरअसल, आगरा की पहचान दुनिया भर में ताजमहल से है। हर साल हजारों विदेशी पर्यटक इस इमारत को देखने आते हैं, जिसे प्रेम की अमर निशानी कहा जाता है। लेकिन मैटियो और कैटरीना का यह विवाह इस बात की भी खूबसूरत मिसाल बन गया कि ताजमहल की मोहब्बत केवल संगमरमर की इमारत तक सीमित नहीं है। इसकी नगरी में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और विवाह संस्कारों की भी अपनी अलग आकर्षण शक्ति है।
ताजमहल जहां मोहब्बत की कहानी सुनाता है, वहीं आगरा में संपन्न हुआ यह विवाह प्रेम को भारतीय संस्कारों के साथ जीने का संदेश दे गया। सरहदें, भाषाएं और संस्कृतियां भले अलग हों, लेकिन प्रेम और रिश्तों की बुनियाद में विश्वास और समर्पण जैसे भाव पूरी दुनिया में एक समान हैं। इटली के इस जोड़े का भारतीय रीति-रिवाज से विवाह इसी खूबसूरत भावना की एक यादगार तस्वीर बन गया।