Gyanesh Kumar Agra House Protest: कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चुनाव आयोग को लगातार घेरते हुए दिखाई दे रहे हैं। SIR और वोट चोरी को लेकर इस समय राहुल गांधी चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। यही नहीं, विपक्ष को भी एकजुट कर संसद में महाभियोग लाने की कवायद में जुटे हैं।
इसी कड़ी में ताज नगरी आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने उनके आवास के गेट और दीवार पर ‘ज्ञानेश कुमार गद्दार’ और ‘वोट चोर’ जैसे आपत्तिजनक शब्द लिख दिए।
बता दें कि यह आवास डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता का है, जो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पिता हैं। इस पूरे मामले पर डॉ.सुबोध कुमार गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आपत्तिजनक शब्द लिखे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि यह काम कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि वह इस पूरे घटनाक्रम को लेकर UP पुलिस में तहरीर देंगे और प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।
डॉ.सुबोध कुमार गुप्ता ने यह भी कहा कि करीब छह माह पहले भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां हंगामा किया था। उस समय उन्हें प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं की जानकारी नहीं थी, लेकिन इस बार वह चूकेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि उनके आवास पर कालिख पोतने वालों के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई कराई जाएगी।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम के बाद डॉ.सुबोध कुमार गुप्ता के आवास पर पुलिस कमिश्नर के उच्च अधिकारी लगातार निरीक्षण करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अधिकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता को आश्वस्त कर रहे हैं कि इस मामले में पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। सुरक्षा के मद्देनजर उनके घर पर पुलिस भी तैनात कर दी गई है।