बटेश्वर स्टेशन  (सोर्स- सोशल मीडिया)
आगरा

Agra: बटेश्वर स्टेशन का होगा कायाकल्प, 750 मीटर की दो लूप लाइनें और आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम बनेगा

Agra Railway Station: आगरा के बटेश्वर हॉल्ट स्टेशन को 33.45 करोड़ रुपये की लागत से बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना नवंबर 2026 तक पूरी होने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

Bateshwar Railway Station Development: धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले बटेश्वर को अब बेहतर रेल कनेक्टिविटी की सौगात मिलने जा रही है। आगरा मंडल के भांडई–उदीमोड़ रेलखंड स्थित बटेश्वर हॉल्ट स्टेशन को डी श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन से बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब 33.45 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृति दी गई है और इसे नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में मंडल में अधोसंरचना विकास कार्यों को गति दी जा रही है। बटेश्वर स्टेशन का उन्नयन भी इसी कड़ी का हिस्सा है। स्टेशन के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की क्रॉसिंग और ओवरटेकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी।

750 मीटर की दो लूप लाइनें होंगी तैयार

परियोजना के तहत स्टेशन पर 750-750 मीटर लंबाई की दो लूप लाइनें, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे जरूरत के अनुसार ट्रेनों को लूप लाइन पर लेकर क्रॉसिंग और ओवरटेकिंग कराई जा सकेगी। इसके साथ ही ओएचई में आवश्यक संशोधन भी किए जाएंगे।

यात्रियों के लिए बढ़ेंगी आधुनिक सुविधाएं

स्टेशन विकास योजना में हाई लेवल प्लेटफॉर्म के अलावा सर्कुलेटिंग एरिया, पानी की टंकी, बोरवेल, पंप हाउस और अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं का विकास शामिल है। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए भी आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे। स्टेशन भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को विकसित कर यात्रियों के लिए स्टेशन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से सुरक्षित होगा संचालन

बटेश्वर स्टेशन पर आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था के साथ इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक इंस्टॉलेशन, फर्नीचर और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी विकसित होंगी। आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली से ट्रेनों के संचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगा लाभ

यमुना किनारे बसे बटेश्वर का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व काफी बड़ा है। यहां भगवान शिव को समर्पित प्राचीन मंदिरों की श्रृंखला देशभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। बटेश्वर का संबंध पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली से भी है। इसके अलावा यहां लगने वाला प्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेला भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, व्यापारियों और पर्यटकों को आकर्षित करता है।

स्टेशन के विकास से बटेश्वर आने वाले यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। डी श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन से बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन में बदलाव बटेश्वर के लिए केवल स्टेशन का उन्नयन नहीं, बल्कि इस पूरे रेलखंड की परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

DUSU Election 2026: चुनावी रण में 6 महिलाएं, 4 पदों के लिए चुनाव; यूनिवर्सिटी प्रशासन की तैयारी पूरी

BRICS Summit 2026 LIVE: पीएम मोदी-पेजेश्यिकान के बीच बैठक खत्म, ईरान के विदेश मंत्री अराघची भी रहे मौजूद

मोदी ने बताया BRICS की ताकत, पुतिन ने G7 पर साधा निशाना...बिजनेस फोरम में संबोधन की 10 बड़ी बातें

BRICS Business Forum की फैमिली फोटो में शामिल हुए PM मोदी, वैश्विक मंच पर दिखी एकजुटता

BRICS में कौन कितना ताकतवर? चीन से लेकर भारत तक, जानें कौन-कौन से देश हैं शामिल