आगरा यमुना नदी सफाई परियोजना (सोर्स: सोशल मीडिया)
आगरा

58 करोड़ की पेनल्टी के बाद भी नहीं सुधरी यमुना, नालों के टेप होने पर नगर निगम और पर्यावरणविदों में टकराव

Agra Yamuna River Cleaning Project: डॉ. संजय कुलश्रेष्ठ की याचिका पर SC ने नगर निगम पर 58 करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाई थी। इसके बाद नगर निगम और प्रशासन की ओर से न्यायालय में हलफनामा दाखिल किया गया।

प्रदीप कुमार रावत, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के नाम पर अब तक खर्च हुए हजारों करोड़ रुपये

  • यमुना की जमीनी तस्वीर खड़े करती है गंभीर सवाल

  • पर्यावरणविदों का आरोप सरकारी दावों और धरातल की वास्तविकता के बीच है बड़ा अंतर

Yamuna Pollution Control Projects: द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण की अठखेलियों और लीलाओं की साक्षी रही यमुना नदी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व गंगा के समान ही माना जाता है। यमुनोत्री से निकलकर हरियाणा, दिल्ली और उत्तर भारत के तमाम क्षेत्रों से गुजरती हुई यमुना जब आगरा पहुंचती है तो यहां उसकी पहचान कालिंदी के रूप में भी होती है।

आगरा से आगे बढ़ने पर चंबल नदी भी यमुना में समाहित हो जाती है। लेकिन जिस यमुना का इतिहास और धार्मिक महत्व इतना गौरवशाली रहा है, आज उसी यमुना की दुर्दशा देखकर पर्यावरणविदों के साथ-साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों का भी मन विचलित हो उठता है।

सरकारी दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर

यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के नाम पर केंद्र और प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं के माध्यम से अब तक हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। योजनाएं बनीं, परियोजनाएं शुरू हुईं, अधिकारियों ने बैठकें कीं और न्यायालयों में हलफनामे भी दाखिल हुए, लेकिन आगरा में यमुना की जमीनी तस्वीर आज भी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

शहर के नालों का गंदा पानी सीधे यमुना में पहुंचने का मुद्दा लगातार उठता रहा है। पर्यावरणविदों का आरोप है कि सरकारी दावों और धरातल की वास्तविकता के बीच आज भी बड़ा अंतर है।

डीके जोशी की कानूनी लड़ाई को अब अन्य पर्यावरणविदों का भी आए साथ

आगरा में यमुना को प्रदूषण मुक्त कराने की लड़ाई की बात हो और पर्यावरणविद डीके जोशी का नाम न आए, ऐसा संभव नहीं है। डीके जोशी ने अपने जीवनकाल में नगर निगम से लेकर जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार तक को यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर लगातार घेरा। सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से भी उन्होंने सरकारी तंत्र को जवाबदेह बनाने की लड़ाई लड़ी। कालिंदी के शुद्धिकरण को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी रहा। भले ही आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन यमुना को प्रदूषण मुक्त देखने का उनका सपना आज भी अधूरा दिखाई देता है।

डीके जोशी के बाद भी कई पर्यावरणविद इस लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) तक यमुना प्रदूषण का मामला पहुंच रहा है। इन्हीं में एक प्रमुख नाम डॉ.संजय कुलश्रेष्ठ का है।

58 करोड़ की पेनल्टी के बाद भी सवाल, आखिर कौन से नाले हुए टेप?

डॉ. संजय कुलश्रेष्ठ की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने नगर निगम पर 58 करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाई थी। इसके बाद नगर निगम और प्रशासन की ओर से न्यायालय में हलफनामा दाखिल कर दावा किया गया कि शहर के तमाम नालों को टेप कर दिया गया है। लेकिन पर्यावरणविद डॉ.संजय कुलश्रेष्ठ इन दावों को जमीनी हकीकत से बिल्कुल अलग बताते हैं।

नवभारत से विशेष बातचीत में डॉ.संजय कुलश्रेष्ठ ने दो टूक कहा कि नगर निगम का कोई अधिकारी उन्हें आज यह बता दे कि आखिर कौन-कौन से नाले टेप किए गए हैं। उनका आरोप है कि सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है। कल भी नाले सीधे यमुना में गिर रहे थे और आज भी वही स्थिति बनी हुई है।

यमुना की स्थिति में सुधार केवल कागजों पर

उनका कहना है कि नालों को टेप करने के दावों से यदि किसी को लाभ हुआ है तो वह नगर निगम के अधिकारी और ब्यूरोक्रेट्स हैं। यमुना की स्थिति में सुधार के नाम पर कागजी कार्रवाई जरूर हुई, लेकिन नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रभावी काम दिखाई नहीं दे रहा है।

डॉ.संजय कुलश्रेष्ठ ने नवभारत को बताया कि वह एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे हैं। इस मामले में कंटेंप्ट ऑफ कोर्ट की याचिका दाखिल की गई है और जल्द ही इस पर भी फैसला आने की उम्मीद है। उनका कहना है कि जब न्यायालय में नालों को टेप करने का दावा किया गया है तो उसकी वास्तविकता भी सामने आनी चाहिए।

पर्यावरणविद ने भी उठाए सवाल

यमुना प्रदूषण को लेकर पर्यावरणविद डॉ.देवाशीष भट्टाचार्य ने भी आगरा नगर निगम के दावों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। नवभारत से बातचीत में उन्होंने कहा कि नगर निगम सफेद झूठ बोल रहा है। उनके मुताबिक शहर में केवल 8 से 10 नाले ही टेप किए गए हैं। आज भी आगरा के तमाम नालों का गंदा पानी सीधे यमुना नदी में पहुंच रहा है और उसे लगातार प्रदूषित कर रहा है।

डॉ.भट्टाचार्य का कहना है कि जब तक नालों के सीधे नदी में गिरने पर पूरी तरह रोक नहीं लगती, तब तक यमुना को स्वच्छ बनाने के दावे महज कागजी साबित होंगे। सवाल यह है कि जब न्यायालय में नालों को टेप करने की जानकारी दी जा रही है तो फिर नदी में लगातार पहुंच रहे गंदे पानी का जिम्मेदार कौन है?

नगर निगम का दावा- 20 नाले टेप, पांच पर काम जारी

दूसरी ओर नगर निगम अपने स्तर से यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के प्रयासों का दावा कर रहा है। इस संबंध में नगर निगम के पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण ने नवभारत को बताया कि शहर में करीब 20 नालों को टेप किया जा चुका है, जबकि पांच नालों पर अभी काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि अगले दो साल के अंदर आगरा की यमुना नदी में सीधे गिरने वाले करीब 35 से 40 नालों को टेप कर दिया जाएगा। नगर निगम का दावा है कि इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है और आने वाले समय में यमुना में गंदे पानी का सीधे पहुंचना रोका जाएगा।

हालांकि नगर निगम के इन दावों और पर्यावरणविदों के आरोपों के बीच बड़ा विरोधाभास दिखाई दे रहा है। एक तरफ नगर निगम करीब 20 नाले टेप होने की बात कह रहा है, वहीं पर्यावरणविदों का दावा है कि वास्तविकता इससे काफी अलग है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर नालों को टेप करने की वास्तविक स्थिति क्या है?

विदेशी पर्यटकों के सामने भी आगरा की छवि पर सवाल

आगरा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी है। यहां ताजमहल का दीदार करने के लिए देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों से हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। यमुना नदी भी आगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। लेकिन नदी की बदहाल स्थिति कई बार आगरा शहर की अंतरराष्ट्रीय छवि पर भी सवाल खड़े करती है।

यमुना के किनारे पहुंचने वाले पर्यटक जब नदी में गंदगी और प्रदूषित पानी देखते हैं तो कई बार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। इसके बाद आगरा की स्वच्छता और पर्यावरण प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगते हैं। जिस शहर की पहचान ताजमहल और ऐतिहासिक धरोहरों से दुनिया भर में है, उसी शहर की जीवनदायिनी नदी की यह हालत चिंता का विषय है।

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

परिसीमन बिल पर शरद पवार गुट का बड़ा फैसला, समर्थन करेगा NCP (SP); जितेंद्र आव्हाड ने दी जानकारी

कार्तिगई दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख, अधिकारियों को अवमानना नोटिस; CRPF संभालेगी सुरक्षा

मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला निकला तमिलनाडु का इंजीनियर, अमेरिका से 1500 फर्जी धमकियां देने का शक

संसद के विशेष सत्र से पहले India ब्लॉक में बगावत, RJD सांसद ने किया परिसीमन का समर्थन; बोले-यह जनता के हित में