व्यापारी सम्मेलन (सोर्स- फोटो नवभारत)
आगरा

सपा व्यापार सभा के सम्मेलन में भाजपा पर हमला, मनीष जगन बोले- 2027 में बदलाव का मन बना चुका व्यापारी समाज

Agra Traders Conference: सपा व्यापार सभा के मंडलीय सम्मेलन में मनीष जगन अग्रवाल ने भाजपा पर व्यापारियों की अनदेखी का आरोप लगाया और कहा कि व्यापारी समाज 2027 में बदलाव का मन बना चुका है।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

Samajwadi Party Trade Sabha: समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के मंडलीय सम्मेलन में बुधवार को भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर व्यापारियों ने जमकर निशाना साधा। विजय नगर स्थित नवरंग भवन में आयोजित सम्मेलन में आगरा मंडल के विभिन्न जिलों से आए व्यापारियों और पदाधिकारियों ने व्यापार, उद्योग, रोजगार और पर्यटन से जुड़े मुद्दे उठाए।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों को न सम्मान मिल रहा है और न सुरक्षा। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी समाज अब 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुका है।

व्यापारियों के हित में लिए गए कई ऐतिहासिक फैसले

भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए सम्मेलन में मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में व्यापारियों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए थे। इनमें धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम को स्थगित करना, चुंगी और इंस्पेक्टर राज समाप्त करना तथा पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये तक की निःशुल्क व्यापारी दुर्घटना योजना शुरू करना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों को व्यापारी आज भी याद करते हैं।

भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी का दावा

उन्होंने कहा कि फुटकर दुकानदारों से लेकर रेहड़ी-पटरी, गुमटी, ठेला, छोटे-बड़े व्यापारियों और कुटीर उद्यमियों तक में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में व्यापारी समाज समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के पक्ष में लामबंद हो रहा है।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर इन्वेस्टमेंट समिट के आंकड़ों को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमी आज भी बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए सरकारी विभागों के चक्कर काट रहे हैं।

आगरा के पेठा उद्योग से लेकर एयरपोर्ट तक उठे सवाल

व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने आगरा की स्थानीय समस्याओं को सम्मेलन के केंद्र में रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट के नाम पर आगरा की जनता को लगातार घोषणाएं मिलीं, लेकिन धरातल पर अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आगरा का प्रसिद्ध पेठा उद्योग भी सरकारी नीतियों और गैस व जगह की समस्या से जूझ रहा है।

उनके मुताबिक, कभी आगरा में पेठे की करीब 400 से 500 फैक्ट्रियां संचालित होती थीं, लेकिन इनमें से बड़ी संख्या बंद हो गई या आसपास के जिलों में चली गई। वर्तमान में करीब 125 से 150 इकाइयों के संचालन का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आगरा की पेठा नगरी की पहचान भी प्रभावित हो सकती है।

क्रूज सेवा और ODOP योजना पर भी घेरा

सम्मेलन में मथुरा-वृंदावन-आगरा के बीच यमुना में प्रस्तावित क्रूज सेवा को लेकर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि अगस्त 2022 में इस पर्यटन परियोजना को लेकर घोषणाएं हुई थीं, लेकिन अभी तक सेवा शुरू नहीं हो सकी है।

वहीं एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना को लेकर भी सपा नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में आगरा मंडल के जिलों के लिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की योजना शुरू की गई थी।

उनके अनुसार आगरा में चमड़ा उद्योग, मथुरा में सेनेटरी फिटिंग, फिरोजाबाद में कांच की चूड़ियां व गिलास तथा अलीगढ़ में तारकशी को प्रमुख उत्पाद के रूप में बढ़ावा देने की बात कही गई थी। आरोप लगाया गया कि भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों के कारण योजना अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी और इन उत्पादों के निर्यात की स्थिति भी प्रभावित हुई।

प्रदेश सचिव ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल ने भाजपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने आगरा की जनता और व्यापारियों को लगातार घोषणाओं के भरोसे रखा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रामचरण पोरवाल ने की। सम्मेलन में संजीव पोरवाल, सोमेश गुप्ता, उदल सिंह कुशवाहा, शब्बीर अब्बास, राजपाल यादव, राहुल चतुर्वेदी, संतोष पाल, विनय अग्रवाल, मधुकर अरोड़ा, बलविंदर सिंह, सचिन चतुर्वेदी, अनूप यादव, यदुवीर यादव जाटव, रामसहाय यादव, राधा राठौर, रेनू गुप्ता, शीलू गुप्ता, जवाहरलाल अग्रवाल, जगदीश राठौर, मनीष भारद्वाज, पंकज अग्रवाल, राजीव ठाकुर, इलियास सिद्दीकी, राजकुमार यादव, अखिलेश पोरवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और चारों मंडलों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।

Kolkata Stampede: संकरा गेट, बारिश और अंधेरा…चोरबागान हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

Chorbagan Puja Stampede Live: पूजा पंडाल हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत, आयोजकों को पुलिस ने हिरासत में लिया

बारिश, भीड़ और ढहता पंडाल…चोरबागान में कैसे हुआ बड़ा हादसा? अब तक 17 लोगों की मौत

CJP Protest: अभिजीत दिपके को मिली जमानत, 24 घंटे बाद आए जेल से बाहर , जानें दिन भर क्या-क्या हुआ

कोलकाता के चोरबगान में पंडाल में ढहने से मची भगदड़, हादसे में 17 लोगों की मौत