Woman Knife Attack Agra: आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ऑफिस जा रही एक युवती पर बाइक सवार युवक ने कथित तौर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात जेसीबी चौराहे के पास शास्त्रीपुरम क्षेत्र में हुई। घायल युवती को उपचार के लिए जीजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता के मामा रॉबिन जैन के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनकी भांजी को काफी समय से परेशान कर रहा था और उस पर दोस्ती का दबाव बना रहा था। परिवार की ओर से युवक को कई बार समझाया भी गया, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 7:08 बजे युवती अपने ऑफिस जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और युवती को रास्ते में घेर लिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पहले युवती की बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और मोबाइल भी छीन लिया। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से युवती के गले पर वार कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल ज्योति ने बताया कि आरोपी युवक काफी समय से उसे परेशान कर रहा था और धमकियां भी दे रहा था। उसने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह ऑफिस जाते समय आरोपी ने अचानक बाइक से आकर उसे घेर लिया और मोबाइल व चेन छीनने के बाद चाकू से हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी और उसके साथी की तलाश में जुटी है। पुलिस घटना के कारणों के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।