UPPCL Smart Meter Electricity Bill Update: यूपी में स्मार्ट मीटर इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव हुआ है। अब तक जिन स्मार्ट मीटरों में प्रीपेड सिस्टम लागू था उन्हें रातोंरात पोस्टपेड में बदला जा रहा है। यानी अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह मीटर रिचार्ज नहीं कराना होगा। इसके बजाय उन्हें हर महीने सीधे तौर पर बिजली का बिल भेजा जाएगा। इस बड़े बदलाव के साथ विभाग की ओर से एक और बहुत ही जरूरी बात सामने आई है। अब आपका बिजली बिल ऐप पर नहीं मिलेगा बल्कि सीधे मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। यह नया बिल आपके नंबर पर एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए भेजा जाएगा। ऐसे में अगर पुराना या गलत मोबाइल नंबर जुड़ा है तो बिल मिलने में काफी दिक्कत होगी।
यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराने की अपील की है। पहले उपभोक्ता ऐप पर जाकर बिजली खपत बैलेंस और रिचार्ज की सारी जानकारी देखते थे। लेकिन नया सिस्टम लागू होने के बाद अब बिलिंग की जानकारी मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। अगर आपका नंबर अपडेट नहीं है तो बिजली बिल समय पर नहीं मिलेगा जिससे परेशानी होगी। लेट फीस, बकाया और बिजली कटने जैसी गंभीर परेशानी से बचने के लिए नंबर बदलना जरूरी है। यूपीपीसीएल ने मोबाइल नंबर बदलने की बहुत आसान ऑनलाइन सुविधा उपभोक्ताओं को दी है।
उपभोक्ता इसके लिए यूपीपीसीएल पोर्टल की वेबसाइट या उनके ऐप दोनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। वेबसाइट के जरिए नंबर बदलने के लिए सबसे पहले आपको यूपीपीसीएल पोर्टल पर लॉगइन करना होगा। इसके बाद प्रोफाइल सेक्शन में जाकर मोबाइल नंबर ऑप्शन चुनें और अपना सही नया नंबर दर्ज करें। नंबर दर्ज करने के बाद आपके पास एक ओटीपी आएगा जिसे डालकर वेरिफिकेशन पूरा करना होगा।
वेरिफिकेशन पूरा करते ही पोर्टल पर आपका नया मोबाइल नंबर बहुत आसानी से अपडेट हो जाएगा। अगर आप ऐप इस्तेमाल करते हैं तो मैनेज माय अकाउंट सेक्शन में जाकर नया नंबर जोड़ सकते हैं। अगर किसी वजह से एसएमएस पर बिल नहीं मिलता है तो आप व्हाट्सएप पर भी बिल देख सकते हैं। इसके लिए आपको अपने डिस्कॉम के व्हाट्सएप नंबर पर Hi लिखकर एक मैसेज भेजना होगा। इसके बाद अपनी भाषा चुनकर व्यू बिल अमाउंट ऑप्शन पर क्लिक करें और कस्टमर आईडी दर्ज करें।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में MSRTC का NCMC स्मार्ट कार्ड लॉन्च, जानिए कार्ड बनवाने की प्रोसेस, फीस और इसके फायदे
पूर्वांचल विद्युत का व्हाट्सएप नंबर 8010968292 है और मध्यांचल का 7669003409 नंबर है। पश्चिमांचल विद्युत के लिए 7859804803 और दक्षिणांचल के लिए 8010957826 नंबर जारी किया गया है। केस्को उपभोक्ता 8287835233 पर मैसेज भेज सकते हैं और इतना करते ही बिल मिल जाएगा। अगर आपको अपना बिल नहीं मिलता है तो उपभोक्ता सीधे 1912 हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा 15 मई से 30 जून 2026 तक बिजली विभाग के कार्यालयों में शिकायत कैंप लगाए जाएंगे। आप इन सभी कैंप में जाकर भी विभाग के सामने अपनी किसी भी तरह की परेशानी रख सकते हैं।