Flipkart Food Delivery: भारत का ऑनलाइन फूड डिलीवरी बाजार जल्द ही और ज्यादा प्रतिस्पर्धी होने वाला है। जैसा कि सभी को पता है कि अब तक इस सेक्टर में Zomato और Swiggy का दबदबा रहा है लेकिन अब ई-कॉमर्स दिग्गज Flipkart भी इस रेस में उतरने की तैयारी कर चुका है। जिसको लेकर कंपनी ने संकेत दिए हैं कि अगले कुछ हफ्तों में वह अपने फूड डिलीवरी बिजनेस की शुरुआत करेगी। ऐसे में ग्राहकों को नए विकल्प मिलने के साथ-साथ कीमतों और ऑफर्स की जंग भी तेज हो सकती है।
इस नए बिजनेस को लेकर फ्लिपकार्ट ग्रुप के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कल्याण कृष्णमूर्ति ने मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में कहा, "हम अगले कुछ हफ्तों में फ़ूड डिलीवरी शुरू करेंगे। हम कस्टमर्स के साथ वैल्यू प्रपोजिशन टेस्ट करेंगे, फीडबैक लेंगे और प्रोडक्ट को तब तक बेहतर बनाते रहेंगे जब तक वह कस्टमर को सच में पसंद न आने लगे। उसके बाद हम इसे बढ़ाना शुरू करेंगे।" जानकारी में सामने आ रहा है कि कंपनी शुरुआत में इस सर्विस को सीमित स्तर पर लॉन्च करेगी। शुरुआती फीडबैक मिलने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से दूसरे शहरों तक पहुंचाया जाएगा। यह रणनीति Flipkart Minutes के लॉन्च मॉडल से मिलती-जुलती मानी जा रही है।
सीईओ ने जानकारी देते हुए बताया कि फूड डिलीवरी सर्विस एक अलग ऐप के जरिए भी उपलब्ध होगी और इसे Flipkart ऐप के अंदर भी एक्सेस किया जा सकेगा। लेकिन कंपनी ने अभी के लिए ब्रांडिंग, लॉन्च डेट या पहले शहर के नाम का खुलासा नहीं किया है। रिपोर्ट्स में सामने आ रहा है कि Flipkart अपनी इस नई सर्विस को सरकार समर्थित Open Network for Digital Commerce (ONDC) के साथ इंटीग्रेट कर सकती है। लेकिन कंपनी ने इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ये भी पढ़े: WhatsApp ला सकता है बड़ा सिक्योरिटी अपडेट, 6 अंकों का PIN होगा पुराना, अब अकाउंट की सुरक्षा करेगा पासवर्ड
देखा तो यह जा रहा है कि Flipkart ऐसे समय में इस सेक्टर में कदम रख रहा है जब कई कंपनियां नए बिजनेस मॉडल के साथ बाजार में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं। जिसमें हाल ही में राइड-हेलिंग कंपनी Rapido ने Ownly प्लेटफॉर्म लॉन्च किया जिसका फोकस कम कीमत, जीरो रेस्टोरेंट कमीशन और ज्यादा ग्राहकों को ऑनलाइन लाने पर है। वहीं Swiggy ने भी वैल्यू-फॉर-मनी ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए Toing नाम से नया ऐप पेश किया है। ऐसे में Flipkart की एंट्री से ऑनलाइन फूड डिलीवरी बाजार में मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। जिसको लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सबसे बड़ा फायदा ग्राहकों को बेहतर ऑफर्स, कम डिलीवरी चार्ज और अधिक विकल्पों के रूप में मिल सकता है।