Parental Controls को X में जोड़ा गया। Source. Meta AI
टेक्नॉलजी

X Parental Controls: अब बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर रहेगी पैरेंट्स की नजर, प्राइवेट मैसेज पढ़ने पर रोक

X Teen Safety: माता-पिता और अभिभावक अपने टीनएजर बच्चों के अकाउंट की कुछ सेटिंग्स मैनेज कर सकेंगे। वे यह तय कर पाएंगे कि बच्चे को किस तरह का कंटेंट दिखाई दे कौन उसे मैसेज भेज सके।

सिमरन सिंह

Highlight:

  • X ने नया Parental Controls फीचर पेश किया है।

  • माता-पिता टीनएजर बच्चों के अकाउंट की कुछ सेटिंग्स मैनेज कर सकेंगे।

  • निगरानी में बच्चों की निजी बातचीत और सर्च पैरेंट्स की पहुंच से बाहर रहेगी।

X Parental Controls: सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच X ने नया Parental Controls फीचर पेश किया है। इसकी मदद से माता-पिता और अभिभावक अपने टीनएजर बच्चों के अकाउंट की कुछ सेटिंग्स मैनेज कर सकेंगे। वे यह तय कर पाएंगे कि बच्चे को किस तरह का कंटेंट दिखाई दे कौन उसे मैसेज भेज सके और वह रोजाना कितनी देर प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करे। लेकिन इस निगरानी के बावजूद बच्चों की निजी बातचीत और सर्च से जुड़ी जानकारी पैरेंट्स की पहुंच से बाहर रहेगी।

13 से 17 साल के यूजर्स के लिए आया नया फीचर

X ने इसको लेकर बताया है कि Parental Controls की सुविधा 13 से 17 साल की उम्र के यूजर्स के लिए है। इसे इस्तेमाल करने के लिए पैरेंट या गार्जियन को अपना अकाउंट टीनएजर के अकाउंट से लिंक करना होगा। इस प्रक्रिया की शुरुआत पैरेंट की ओर से होगी लेकिन अकाउंट लिंक करने के लिए बच्चे की सहमति भी जरूरी है।

वहीं बच्चा रिक्वेस्ट स्वीकार या अस्वीकार कर सकता है। इसमें एक बार अकाउंट लिंक होने के बाद भी उसका मुख्य नियंत्रण टीनएजर के पास रहेगा। पैरेंट्स की ओर से बदली गई सेटिंग्स और उनकी जानकारी बच्चे को भी दिखाई देगी।

कंटेंट, फॉलोअर्स और मैसेजिंग पर मिलेगा कंट्रोल

इस फीचर के तहत पैरेंट्स For You फीड में आने वाले सुझावों और वीडियो को उन अकाउंट्स तक सीमित कर सकते हैं जिन्हें बच्चा पहले से फॉलो करता है। वे संवेदनशील कंटेंट को बंद करने और कुछ खास शब्दों को फिल्टर करने का विकल्प भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

इसके अलावा नए फॉलोअर्स की रिक्वेस्ट को पैरेंट्स की मंजूरी के बाद स्वीकार करने की सेटिंग भी है। ऐसा करने पर बच्चे का अकाउंट प्राइवेट हो जाता है। वहीं पैरेंट्स यह भी तय कर सकते हैं कि बच्चे को कौन मैसेज भेज सके। वे यह देख सकते हैं कि बच्चे ने किन अकाउंट्स के साथ वन-टू-वन चैट की है लेकिन बातचीत का असली कंटेंट नहीं पढ़ सकते।

स्क्रीन टाइम और प्राइवेसी पर भी नजर

X के नए फीचर से पैरेंट्स पिछले सात दिनों का स्क्रीन टाइम देख सकेंगे और रोजाना इस्तेमाल की सीमा तय कर सकेंगे। इसके अलावा फोटो टैगिंग, ईमेल या फोन नंबर से अकाउंट खोजने और पोस्ट में लोकेशन दिखाने जैसी प्राइवेसी सेटिंग्स भी मैनेज की जा सकती हैं।

एक पैरेंट जोड़ सकेगा पांच टीन अकाउंट

X के नियमों में बताया गया है कि एक पैरेंट या गार्जियन अधिकतम पांच टीनएजर अकाउंट लिंक कर सकता है। वहीं एक टीनएजर का अकाउंट एक समय में केवल एक पैरेंट से जुड़ सकता है। पैरेंट और बच्चे दोनों की सहमति के बिना यह सुविधा सक्रिय नहीं होगी।

मोदी-ज्ञानेश कुमार ने की चोरी, 850 लोकतंत्र खत्म करने का नंबर; परिसीमन पर राहुल गांधी के PC की 10 बड़ी बातें

Delimitation Bill Live: परिसीमन बिल पर सियासी घमासान, राहुल बोले- PM और CEC ज्ञानेश ने वोट चोरी की

सरकार की नजर अब 800 पार पर...खरगे ने परिसीमन बिल पर सरकार पर साधा निशाना; SC-ST आरक्षण पर भी उठाए सवाल

CRPF की निगरानी में जला कार्तिगई दीपम, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुई रस्म

परिसीमन बिल को समर्थन का ऐलान, अगले ही दिन शरद पवार से मिलने पहुंचे गौतम अडानी; 2023 की मुलाकात भी चर्चा में