

Highlight:
कमरे में रखा छोटा-सा चार्जर, घड़ी या स्मोक डिटेक्टर Hidden Camera भी हो सकता है?
रिटायर्ड कर्नल हनी बक्शी ने स्मार्ट गैजेट्स और निजी जिंदगी की सुरक्षा की बात कि है।
आसान तरीकों से कमरे की जांच करना सही फैसला हो सकता है।
How To Detect Hidden Cameras: होटल या किराये के कमरे में ठहरते समय प्राइवेसी सबसे जरूरी होती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कमरे में रखा कोई छोटा-सा चार्जर, घड़ी या स्मोक डिटेक्टर Hidden Camera भी हो सकता है? हाल ही में रिटायर्ड कर्नल हनी बक्शी ने स्मार्ट गैजेट्स और निजी जिंदगी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
उन्होंने होटल के कमरों में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से सावधान रहने की सलाह दी है। लेकिन हर स्मार्ट टीवी या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में कैमरा नहीं होता। ऐसे में घबराने के बजाय कुछ आसान तरीकों से कमरे की जांच करना और संदिग्ध डिवाइस मिलने पर सही कदम उठाना जरूरी है।
होटल के कमरे में सबसे पहले उन वस्तुओं को देखें जिनका रुख बेड, बाथरूम या कपड़े बदलने वाली जगह की तरफ है। इसमें स्मोक डिटेक्टर, घड़ी, चार्जर, टीवी के आसपास, लैंप और सजावटी सामान को ध्यान से जांचना चाहिए। वहीं किसी अनजान या असामान्य तरीके से लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को नजरअंदाज न करें। इसको लेकर यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया की पुलिस गाइड भी संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक सामान की जांच करने और कैमरा लेंस के रिफ्लेक्शन पर ध्यान देने की सलाह देती है।
कमरे की लाइट बंद करके मोबाइल की फ्लैशलाइट संदिग्ध वस्तुओं की तरफ डालें। कैमरे का लेंस रोशनी पड़ने पर चमक या रिफ्लेक्शन दे सकता है। इसके अलावा कुछ कैमरों में इंफ्रारेड लाइट होती है जिसे कुछ स्मार्टफोन कैमरों से देखा जा सकता है।
वहीं Wi-Fi नेटवर्क पर अनजान डिवाइस की मौजूदगी भी एक संकेत हो सकती है लेकिन इससे कैमरा होने की पुष्टि नहीं होती। इसी तरह Hidden Camera Detector ऐप या RF डिटेक्टर भी पूरी तरह भरोसेमंद नहीं हैं। कोई भी तरीका 100 प्रतिशत सुरक्षा की गारंटी नहीं देता है।
होटल में पहुंचकर कमरे और बाथरूम की सामान्य जांच करें।
अनजान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को बिना जरूरत इस्तेमाल न करें।
स्मार्टफोन और दूसरे गैजेट्स का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।
निजी बातचीत के दौरान अनावश्यक स्मार्ट डिवाइस से दूरी रखें।
संदिग्ध जगह मिलने पर कमरे को बदलने की मांग करें।
अगर कमरे में कोई संदिग्ध कैमरा या डिवाइस दिखाई देता है तो उसे छूने, निकालने या तोड़ने की कोशिश न करें। सबसे पहले उसकी फोटो और वीडियो बना लें ताकि सबूत सुरक्षित रहे। इसके बाद कमरे से बाहर निकलें और होटल मैनेजमेंट को सूचना देने के साथ पुलिस में शिकायत करें। वहीं अकेले होटल स्टाफ या संदिग्ध व्यक्ति से भिड़ने से बचें।
भारत में आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर सकते हैं। अगर कैमरे से जुड़ी रिकॉर्डिंग ऑनलाइन शेयर की गई है या आपको ब्लैकमेल किया जा रहा है तो National Cyber Crime Reporting Portal (cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं। वहीं साइबर अपराध की हेल्पलाइन 1930 भी उपलब्ध है। इसलिए होटल में ठहरते समय थोड़ी सावधानी आपकी प्राइवेसी की रक्षा करने में मदद कर सकती है।