Careless People Book And Meta Lawsuit: Meta एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गई है। बता दें कि इस बार कंपनी पर सवाल किसी प्रतिद्वंद्वी ने नहीं बल्कि उसकी पूर्व वरिष्ठ अधिकारी Sarah Wynne-Williams ने उठाए हैं। जिसको लेकर एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट में बताया गया है कि पूर्व एग्जीक्यूटिव ने कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट में मुकदमा दायर कर आरोप लगाया है कि Meta अपनी कमियों और अंदरूनी सच्चाइयों को छिपाने के लिए कानूनी दबाव और आर्थिक दंड का इस्तेमाल कर रही है। इसको लेकर उनका दावा है कि कंपनी उनकी चर्चित किताब Careless People को दबाने और उन्हें सार्वजनिक रूप से बोलने से रोकने की कोशिश कर रही है।
किताब के बारे में बताए तो Sarah Wynne-Williams ने 2011 से 2017 तक Facebook में ग्लोबल पॉलिसी डायरेक्टर के रूप में काम किया था। वहीं नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने Careless People नामक किताब लिखी जिसमें कंपनी के अंदर के माहौल और शीर्ष अधिकारियों के कथित व्यवहार का जिक्र किया गया था। इस किताब में Meta के CEO Mark Zuckerberg समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए गए हैं। इसके अलावा यह भी दावा किया गया है कि चीन में कंपनी के कारोबारी हित बढ़ाने के लिए कथित तौर पर कई प्रयास किए गए थे।
वहीं मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि किताब प्रकाशित होने के बाद Meta ने एक नॉन-डिस्पैरेजमेंट एग्रीमेंट का हवाला देकर Sarah पर सख्त आर्बिट्रेशन ऑर्डर लागू किए गए है। इसके तहत यदि वह कंपनी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कुछ कहती हैं या किताब का प्रचार करती हैं तो हर बार 50,000 अमेरिकी डॉलर जो करीब 41.7 लाख भारतीय रुपये होगे का जुर्माना देना पड़ सकता है। वहीं याचिका में यह भी दावा किया गया है कि पिछले एक साल से Meta के प्रतिनिधि उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों पर नजर रखते हैं और यह रिकॉर्ड करने की कोशिश करते हैं कि कहीं उन्होंने कंपनी के खिलाफ कोई बयान तो नहीं दिया।
Sarah Wynne-Williams ने कोर्ट से आर्बिट्रेशन ऑर्डर हटाने और नौकरी छोड़ते समय साइन किए गए सेवरेंस एग्रीमेंट को रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह समझौता मानसिक और पेशेवर दबाव में कराया गया था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि Meta इस तरह के कदम उठाकर अपने मौजूदा कर्मचारियों में भी डर का माहौल बनाना चाहती है।
लेकिन इन आरोपों के सामने आने के बाद Meta ने इन्हों सिरे से खारिज किया है। जिसको लेकर कंपनी का कहना है कि पूर्व कर्मचारी केवल अपनी किताब की बिक्री बढ़ाने के लिए कानूनी प्रक्रिया का सहारा ले रही हैं। Meta ने जानकारी देते हुए बताया है कि एक स्वतंत्र आर्बिट्रेटर पहले ही यह तय कर चुका है कि उन्होंने अपने हस्ताक्षरित समझौते का उल्लंघन किया है और किताब में किए गए कई दावे सच्चाई से कोसों दूर, अपमानजनक और पूरी तरह से झूठे हैं।