Highlight:
धनतेरस पर सोने, चांदी के अलावा भी कई इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीद सकते थे।
फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन और ऑफलाइन होम अप्लायंसेज पर ऑफर मिल रहे हैं।
ऑफर देखकर जल्दबाजी न करें कीमत के साथ वारंटी, सर्विस, इंस्टॉलेशन चार्ज भी जांचें।
Dhanteras Appliances 2026: धनतेरस पर सोना, चांदी और बर्तन खरीदने की परंपरा है लेकिन अब कई लोग इस मौके पर घर के लिए जरूरी इलेक्ट्रॉनिक सामान भी खरीदते हैं। बता दें कि इस साल धनतेरस 6 नवंबर 2026 शुक्रवार को है। वहीं फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन और ऑफलाइन बाजारों में होम अप्लायंसेज पर ऑफर मिल रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी अपनी मेहनत की कमाई किसी काम की चीज पर खर्च करना चाहते हैं तो किचन से लेकर लिविंग रूम तक के ये अप्लायंस आपकी शॉपिंग लिस्ट में शामिल हो सकते हैं।
किचन में रोजाना इस्तेमाल होने वाले अप्लायंस खरीदना एक उपयोगी फैसला हो सकता है। जिसमें एयर फ्रायर में गर्म हवा की मदद से खाना पकाया जाता है और डीप फ्राइंग के मुकाबले कम तेल इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं कन्वेक्शन माइक्रोवेव खाना गर्म करने के अलावा बेकिंग और ग्रिलिंग जैसे काम भी कर सकता है। खरीदने से पहले अपनी जरूरत और किचन में उपलब्ध जगह जरूर देखें।
वहीं अगर पुराना मिक्सर ग्राइंडर अब ठीक से काम नहीं कर रहा तो फूड प्रोसेसर या न्यूट्री-ब्लेंडर भी विकल्प हो सकता है। फूड प्रोसेसर सब्जियां काटने और आटा गूंथने जैसे कामों में मदद करता है जबकि ब्लेंडर स्मूदी और शेक बनाने के काम आता है।
दिवाली की सफाई के बाद वैक्यूम क्लीनर घर के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर अपने आप फर्श की सफाई करता है जबकि कॉर्डलेस हैंडहेल्ड मॉडल सोफा, पर्दे और कार साफ करने में काम आता है। इसके अलावा नई वॉशिंग मशीन खरीदते समय उसकी क्षमता, पानी और बिजली की खपत के साथ वॉश प्रोग्राम भी जांचें। गर्म पानी से कपड़े धोने का विकल्प कुछ मशीनों में मिलता है लेकिन यह हर मॉडल में उपलब्ध नहीं होता।
ठंड बढ़ने से पहले बाथरूम के लिए गीजर खरीदना भी अच्छा विकल्प हो सकता है। बिजली की बचत के लिए उसकी स्टार रेटिंग और क्षमता पर ध्यान दें। वहीं दिल्ली-एनसीआर जैसे प्रदूषण प्रभावित इलाकों में HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर घर के अंदर हवा से कई बारीक कण हटाने में मदद कर सकता है। कमरे के आकार के हिसाब से मॉडल चुनना जरूरी है।
पुराना टीवी बदलना चाहते हैं तो बड़े स्क्रीन वाला 4K स्मार्ट टीवी विकल्प हो सकता है। वहीं वाटर प्यूरीफायर खरीदते समय अपने इलाके के पानी की गुणवत्ता और TDS के अनुसार तकनीक चुनें। सिर्फ कॉपर या RO लिखा देखकर फैसला न करें।
खरीदारी टिप: ऑफर देखकर जल्दबाजी न करें। कीमत के साथ वारंटी, सर्विस, बिजली की खपत और इंस्टॉलेशन चार्ज भी जांचें।