X Algorithm Update: क्या आप भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नियमित रूप से पोस्ट करते हैं और कुछ ही मिनटों में आपके कमेंट सेक्शन में अनजान लोगों की भीड़ जुट जाती है तो आपके लिए अच्छी खबर है। बता दें कि एलन मस्क के स्वामित्व वाले X ने अपने एल्गोरिदम में बड़ा बदलाव किया है जिसके बाद अब यूजर्स को अपने दोस्तों और करीबी कनेक्शन्स के रिप्लाई पहले दिखाई देंगे। इसमें कंपनी का दावा है कि इससे प्लेटफॉर्म पर बातचीत का अनुभव पहले से अधिक व्यक्तिगत और उपयोगी बनेगा।
जानकारी देते हुए X के Head of Product निकिता बियर ने इस नए बदलाव की जानकारी साझा की है। अपडेट के तहत अब पोस्ट के रिप्लाई सेक्शन में Mutuals यानी वे लोग जिन्हें आप फॉलो करते हैं और जो आपको भी फॉलो करते हैं उनके कमेंट्स को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका मतलब है कि आपके करीबी दोस्तों, सहकर्मियों और परिचितों की प्रतिक्रियाएं रिप्लाई सेक्शन में ऊपर दिखाई देंगी जबकि अनजान अकाउंट्स और कम प्रासंगिक प्रतिक्रियाएं नीचे चली जाएंगी।
निकिता बियर के मुताबिक प्लेटफॉर्म के एल्गोरिदम में म्यूचुअल कनेक्शन से जुड़ा डेटा सही तरीके से इस्तेमाल नहीं हो रहा था। इसकी वजह से यूजर्स को अपने परिचित लोगों के बजाय अजनबियों के रिप्लाई ज्यादा दिखाई दे रहे थे। वहीं बियर ने लिखा कि इस तकनीकी कमी के कारण रिप्लाई सेक्शन कई बार जंग के मैदान जैसा महसूस होने लगा था। जहां ऐसे लोगों की भरमार थी जिन्हें यूजर जानता तक नहीं था। कंपनी का कहना है कि अब इस समस्या को ठीक कर दिया गया है।
इसके साथ ही नए अपडेट के बाद स्पैम और गैर-जरूरी कमेंट्स की दृश्यता कम हो सकती है। यूजर्स को सबसे पहले उन्हीं लोगों की प्रतिक्रियाएं दिखाई देंगी जिनसे उनका वास्तविक कनेक्शन है। इससे बातचीत अधिक सार्थक और व्यवस्थित होने की उम्मीद है। इसको लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव समान रुचियों और विचारों वाले लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने में भी मदद करेगा जिससे प्लेटफॉर्म पर कम्युनिटी बिल्डिंग मजबूत हो सकती है।
ये भी पढ़े: iPhone 18 Pro का इंतजार होगा खत्म, सितंबर में लॉन्च की तैयारी, दमदार बैटरी, नया A20 Pro चिप मचेगी धूम
देखा जा रहा है कि X का यह अपडेट ऐसे समय में आया है जब Meta का Threads प्लेटफॉर्म तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। वहीं हाल ही में Threads ने 50 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स का आंकड़ा पार किया है और यूजर्स को फीड कंट्रोल करने के लिए नए फीचर्स भी पेश किए हैं। ऐसे में X का यह कदम साफ संकेत देता है कि सोशल मीडिया कंपनियों के बीच अब प्रतिस्पर्धा सिर्फ यूजर्स की संख्या नहीं बल्कि बेहतर और अधिक व्यक्तिगत अनुभव देने को लेकर भी है।