गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने कहा है कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता है। पांच साल में बदलते गोरखपुर (Gorakhpur) को सभी लोगों ने देखा है। यह नया गोरखपुर है। कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने यहां खाद कारखाना और एम्स का उद्घाटन किया है। अब जल्द ही यहां मेट्रो (Metro) भी आने वाली है और रामगढ़ताल (Ramgarh Tal) में सी प्लेन (Sea Plane) भी उतरने वाला है। हमारा संकल्प नए उमंग से गोरखपुर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का है।
सीएम योगी बुधवार शाम गोरखपुर नगर निगम परिसर में निगम के नए सदन भवन के लोकार्पण, सामाजिक समरसता के अग्रदूर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण समेत 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इन विकास परियोजनाओं में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस), पेयजल पाइपलाइन का विस्तार व कई सड़कों का लोकार्पण तथा महानगर के दूसरे मल्टीलेवल पार्किंग, सीवरेज सिस्टम, सालिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट व रामगढताल (नया सवेरा) फेज-दो के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में सीएम ने कहा कि कभी उपेक्षित रामगढ़ ताल की निखरी खूबसूरती के सभी लोग साक्षी हैं। अब इस ताल का उपयोग एयरपोर्ट के विकल्प के रूप में भी किया जाएगा यहां सी प्लेन उतारा जाएगा। दिल्ली-लखनऊ आवागमन के लिए सुविधा तो मिलेगी यहां के लोग बनारस की यात्रा सी प्लेन से ही कर सकेंगे। मां गंगा की पावन धारा में डुबकी लगाकर, बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर सी प्लेन से ही वापस गोरखपुर लौट सकेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि नगर निगम, महापौर, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए यह गौरव का क्षण है कि निगम को 127 साल बाद नया सदन मिला है। यह गोरखपुर के लिए स्मरणीय पल है। यह पूरे यूपी का सबसे भव्यतम सदन भवन बना है। उम्मीद है कि यहां से गोरखपुर के ठोस विकास की कार्ययोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। सीएम ने कहा कि नगर निगम गोरखपुर के इतिहास एवं विकास पर आधारित विस्तृत ग्रंथ बनवाए और इसे यहां की लाइब्रेरी का हिस्सा बनाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नगर निगम परिसर में विकास की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है। कल नौजवानों को स्मार्टफोन और टेबलेट का वितरण किया जाएगा। साथ ही वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का शुभारंभ भी होगा। सीएम योगी ने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के जरिए गोरखपुर जल क्रीड़ा के क्षेत्र में विश्व स्त्स्तरीय केंद्र बनेगा। सीएम ने चौड़ी सड़कों स्ट्रीट वेंडर्स के व्यवस्थापन प्रधानमंत्री आवास योजना आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं की सफलता सामूहिक प्रयास का प्रतिफल है। इस अवसर पर पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल योजना की सौगात देते हुए उन्होंने कहा कि इससे दाउदपुर, शिवपुर सहबाजगंज, गोपलापुर आदि इलाकों में एक लाख की आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले नगर निगम के नवीन सदन भवन के सामने स्थित अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की भव्य प्रतिमा का डमरू नाद के बीचअनावरण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मलीन महंतजी की प्रतिमा के चरणों पर पुष्पार्चन कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
नगर निगम परिसर में मुख्यमंत्री ने पांच मंजिला नवीन सदन भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया और ततपश्चात भवन का निरीक्षण किया। इसी भवन में स्थित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) फेज वन का शुभारंभ करने के साथ ही इसके कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आईटीएमएस से यातायात प्रबंधन के साथ ही गोरखपुर की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम के महापौर सीताराम जायसवाल की पहल पर संकलित बुकलेट "मुस्कुराइए, आप गोरखपुर में हैं" का विमोचन किया। इस बुकलेट में गोरखपुर महानगर के धरोहरों से लेकर अद्यतन विकास तक को संजोया गया है।
नगर निगम में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास समारोह के पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शास्त्री चौक पर महानगर में चलने वाली आधुनितकतम 15 इलेक्ट्रिक एसी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल से आप इन इलेक्ट्रिक बसों की यात्रा का आनंद ले सकते हैंम गोरखपुर को कुल 25 ऐसी बसें मिली है जिनमें से 15 का संचालन कल से प्रारंभ हो जाएगा। विद्युत से चार्ज होने वाली इन बसों से धुंआ न निकलने के कारण प्रदूषण भी नहीं होता है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई की गोरखपुर में पहली इलेक्ट्रिक बस की चालक गोरखपुर की ही बेटी पूजा प्रजापति है। यह नारी सशक्तिकरण का नायाब उदाहरण है।
मंच पर सीएम योगी ने दो लोगों को मृतक आश्रित नियुक्ति पत्र, स्पर्श विद्यालय के दो दिव्यांग बच्चों को क्रिकेट किट, दो सफाईकर्मियों की मेधावी बेटियों को लैपटॉप, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के दो लाभार्थियों को आवास की चाबी, दो स्ट्रीट वेंडरों को प्रमाण पत्र व दो सफाईकर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा उपहार प्रदान किया। समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत महापौर सीताराम जायसवाल ने किया। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह, विधायकगण डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्रपाल सिंह, बिपिन सिंह, संत प्रसाद, संगीता यादव, शीतल पांडेय, डॉ. विमलेश पासवान, नगर निगम के उप सभापति ऋषि मोहन वर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।