भोपाल: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अनूपपुर जिला इकाई के प्रमुख ने 2017 में राज्य में पार्टी की सरकार बनने तक जूते नहीं पहनने की कसम खाई थी। भाजपा द्वारा विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के कुछ दिनों बाद शनिवार को उन्होंने इसे फिर से पहनना शुरू कर दिया। भाजपा के अनूपपुर जिला अध्यक्ष रामदास पुरी (Ramdas Puri) ने छह साल के अंतराल के बाद फिर से जूते पहनना शुरू कर दिया।ऐसा उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में किया।
चौहान ने कहा कि पुरी ने 2017 में जूते पहनना बंद कर दिया और फैसला किया कि जब तक राज्य में भाजपा सत्ता में नहीं आती, वह इसे नहीं पहनेंगे। चौहान ने अपने आधिकारिक ‘एक्स' अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा सरकार बनाने में नाकाम रही, लेकिन 2020 में पार्टी के सत्ता में वापस आने के बाद भी (कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिरने के बाद), पुरी ने जूते पहनना शुरू नहीं किया।
उन्होंने कहा, ‘‘ पुरी जी एक मेहनती और समर्पित पार्टी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने 2017 से जूते और चप्पल पहनना छोड़ दिया था। छह साल तक, वह हर मौसम गर्मी, सर्दी या बारिश में नंगे पैर रहते थे ।
उनका संकल्प पूरा हो गया है। हम सभी ने अनुरोध किया कि अब संकल्प पूरा हो गया है और आपको जूते पहनना शुरू कर देना चाहिए।'' पिछले महीने विधानसभा चुनाव में, भाजपा ने प्रदेश की 230 विधानसभा सीट में से 163 सीट जीतकर शानदार विजय हासिल की और राज्य में सत्ता बरकरार रखी। विपक्षी कांग्रेस 66 सीट पर ही जीत हासिल कर सकी जबकि एक सीट भारत आदिवासी पार्टी ने जीती। (एजेंसी)