दुबई: चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli), एशिया कप विजेता जेमिमा रोड्रिग्स (Jemimah Rodrigues) और दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) को बृहस्पतिवार को आईसीसी ‘महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' (ICC ‘Player of the Month’ award) के पुरस्कार के लिये नामांकित किया गया। ये नामांकन अक्टूबर महीने के लिये किये गए हैं। कोहली को पहली बार नामांकन मिला है जिन्होंने आईसीसी टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2022) में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ शानदार पारियां खेली।
वहीं रोड्रिग्स और शर्मा को महिला एशिया कप में भारत की खिताबी जीत में शानदार प्रदर्शन के लिये नामांकित किया गया। रोड्रिग्स ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाये जबकि शर्मा प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रही जिन्होंने सर्वाधिक विकेट लिये। कोहली ने अक्टूबर में 205 रन बनाये। उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ नाबाद 62 रन बनाये। वहीं मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ 53 गेंद में 82 रन बनाये।
दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा को भी कोहली के साथ नामांकन मिला है। महिला क्रिकेट में रोड्रिग्स ने एशिया कप में आठ मैचों में 217 रन बनाये। शर्मा ने 7 . 69 की औसत से 13 विकेट लिये। इस वर्ग में पाकिस्तान की निदा दार भी पुरस्कार की दौड़ में हैं । (एजेंसी)