Highlights:
वैष्णवी शर्मा ने 20 साल की उम्र में लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर रचा इतिहास
वैष्णवी ने आंध्र प्रदेश की पारी के आखिरी यानी 20वें ओवर में ये कारनामा किया
वर्तमान में वह टीम इंडिया के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट खेल रही हैं
MP vs Andhra Womens T20 Trophy 2026: भारतीय महिला क्रिकेट की उभरती हुई सितारा और स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने 20 साल की उम्र में लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। न्यू चंडीगढ़ में खेली जा रही 2026 विमेंस टी-20 ट्रॉफी के एक रोमांचक मुकाबले में मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए वैष्णवी ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ यह बेहद अनोखा कारनामा किया।
दरअसल, टी20 क्रिकेट में 4 गेंद में 4 विकेट लेने की इस उपलब्धि को 'डबल हैट्रिक' कहा जाता है। वैष्णवी की इस घातक गेंदबाजी (कुल 6 विकेट) के दम पर मध्य प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी।
महज 20 साल की उम्र में सीनियर स्तर पर अपनी फिरकी का जादू बिखेरने वाली वैष्णवी शर्मा टी20 क्रिकेट में यह कमाल करने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला गेंदबाज बन गई हैं। उनसे पहले साल 2022 में मुंबई के लिए खेलते हुए हुमैरा काजी ने सौराष्ट्र के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट हासिल किए थे। वैष्णवी ने मैच के दौरान अपने कोटे के 4 ओवरों में सिर्फ 22 रन खर्च किए और 5.50 की शानदार इकॉनमी से कुल 6 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
टूर्नामेंट में शुक्रवार 06 नवंबर को खेले गए इस मुकाबले में वैष्णवी ने आंध्र प्रदेश की पारी के आखिरी यानी 20वें ओवर में यह ऐतिहासिक डबल हैट्रिक पूरी की।
तीसरी गेंद: हेन्रिएटा परीरा का विकेट
चौथी गेंद: अंजलि सरवानी का विकेट
पांचवीं गेंद: अखिला पावनी का विकेट
छठी गेंद: शबनम शकील का विकेट
वैष्णवी शर्मा का यह शानदार प्रदर्शन कोई इत्तेफाक नहीं है। वह इससे पहले अंडर-19 और घरेलू स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करती आ रही हैं। अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2025 में भी उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 17 विकेट चटकाए थे।
वर्तमान में वह टीम इंडिया के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट खेल रही हैं, जहां वह अब तक 3 वनडे मैचों में 9 विकेट और 5 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 5 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं।
मैच की बात करें तो आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन बनाए थे। टीम की ओर से हेन्रिएटा परीरा ने 59 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली, लेकिन वैष्णवी के कहर के आगे बाकी की कोई भी बल्लेबाज 25 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सकी।
130 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने महज 15.1 ओवर में सिर्फ 1 विकेट खोकर 133 रन बना लिए और मैच एकतरफा जीत लिया। ओपनर अनुष्का शर्मा ने 53 गेंदों पर 5 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 81 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, उनकी जोड़ीदार आयुषी शुक्ला ने भी 29 गेंदों पर 37 रन (2 चौके, 2 छक्के) का अमूल्य योगदान दिया।