नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) में टीम इंडिया (Team India) की भिड़ंत आज पाकिस्तान (IND vs PAK) से होने वाली है। यह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न (Melbourne) में खेला जाना है। इस मैच से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने एक इंटरव्यू दिया है। जिसकी इस समय काफी चर्चा भी हो रही है। दरअसल, इस इंटरव्यू में विराट कोहली ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के साथ रिश्तों और उनकी कप्तानी में खेलने को लेकर बात की है।
अपने इंटरव्यू में विराट कोहली ने कहा कि, हम दोनों का खेल को समझने और उसको खेलने का तरीका हमेशा से एक जैसा ही रहा है। विराट कोहली ने कहा, ‘हमारी बातचीत हमेशा ऐसे ही होती है कि कैसे बड़े टूर्नामेंट जीते जाएं, सारी प्लानिंग उसी हिसाब से करने की कोशिश की जा रही है। जब से मैं टीम में वापस आया हूं, टीम का माहौल बेहतरीन रहा है। टीम का माहौल बढ़िया रहता है, तो आप खुद आगे बढ़कर अच्छा करना चाहते हैं। हमारी कोशिश हमेशा अपनी कमियों को दूर करने की रहती है।'
ज्ञात हो कि, विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ही खिलाड़ी एक दूसरे की कप्तानी में खेल चुके हैं। रोहित शर्मा लंबे समय तक विराट कोहली की कप्तानी में उप-कप्तान रहे। जबकि अब विराट कोहली रोहित की कप्तानी में खेल रहे हैं। वहीं, कई बार दोनों खिलाड़ियों के बीच अनबन की ख़बरें भी सामने आई है। कप्तानी को लेकर भी दोनों के बीच कुछ ठीक नहीं की खबरे भी सामने आई थी। हालांकि, दोनों ही खिलाड़ियों ने इस बात को झूठलाया है और एक दूसरे की जमकर तारीफ भी की है।