नई दिल्ली: तिरुवनंतपुरम में खेले गए तीसरे वनडे में टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने श्रीलंका को 317 रनों से मात दी है। इस जीत के साथ ही भारत के नाम अब वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड बन गया है। इसके साथ ही टीम ने श्रृंखला में 3-0 से क्लीनस्वीप किया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 390 रन बनाए थे। वहीं, श्रीलंका के सामने जीत के लिए 391 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन लंका की टीम 73 रनों पर ही सिमट गई। हालांकि, श्रीलंका के 9 विकेट ही गिरे, क्योंकि उनका एक खिलाड़ी चोटिल था, इसलिए टीम को ऑलआउट मान लिया गया।
भारत ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को 317 रन से रौंदकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की और साथ ही तीन मैच की श्रृंखला में 3-0 से क्लीनस्वीप किया। वनडे क्रिकेट में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 2008 में 290 रनों से जीत हासिल की थी।
भारत के 391 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम सिराज (32 रन पर चार), मोहम्मद शमी (20 रन पर दो विकेट) और कुलदीप यादव (16 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 22 ओवर में सिर्फ 73 रन ही बना सकी जो मेहमान टीम के इतिहास का चौथे सबसे कम स्कोर है। आशेन बंडारा चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। भारत की श्रीलंका के खिलाफ यह 96वीं जीत है जो किसी एक टीम के खिलाफ दूसरी टीम की सर्वाधिक जीत का विश्व रिकॉर्ड है। श्रीलंका का कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया। सलामी बल्लेबाज नुवानिदु फर्नांडो 19 रन के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर रहे।
कोहली ने 110 गेंद में आठ छक्कों और 13 चौकों की मदद से नाबाद 166 रन की करियर की दूसरी सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने के अलावा गिल (116) के साथ दूसरे विकेट के लिए 131 और श्रेयस अय्यर (38) के साथ तीसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने पांच विकेट पर 390 रन का स्कोर खड़ा किया। कोहली ने अपना 46वां एकदिवसीय और कुल 74वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा जो श्रीलंका के खिलाफ उनका 10वां शतक है। उन्होंने स्वदेश में 21वें शतक के साथ घरेलू सरजमीं पर सर्वाधिक शतक के सचिन तेंदुलकर (20 शतक) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।