नयी दिल्ली: रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका (India vs South Africa T20 Series) के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच खेला गया है। यह मैच भारत ने 16 रनों से जीतकर इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। गुवाहाटी के मैदान पर खेले गए इस मैच में एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला। भारतीय टीम की पारी के 8वें ओवर में कुछ ऐसा हुआ, जिसे देख सब लोग हैरान रह गए है।
दरअसल, मैच में भारतीय पारी के 8वें ओवर में मैदान में सांप (Snake) आ गया, जिसकी वजह से खेल रोकना पड़ा। लेकिन, फिर उसे तुरंत पकड़कर मैदान से बाहर ले जाया गया। अब इस मामले में असम क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) के सचिव देवजीत सैकिया ने बयान दिया है।
सैकिया ने कहा, 'मुझे लगता है कि आप मैच में हुई उन दो घटनाओं के बारे में बात कर रहे हैं। इनमें से एक सांप वाली घटना है। कुछ जगहों (मैचों) पर हम स्ट्रीकर्स (न्यूड), तो कुछ जगहों पर हम देखते हैं कि घुसपैठिये मैदान में आ जाते हैं। मगर यहां कुछ अलग हुआ और एक सांप घुस आया। मुझे यकीन है कि सांप मैच एंजॉय करने आया था। साथ ही वह खिलाड़ियों को करीब से देखना चाहता होगा।'
उन्होंने कहा, 'मुझे यकीन है कि सांप एंजॉय कर रहा होगा और खिलाड़ियों को रन बनाते हुए करीब से देखने की कोशिश कर रहा था। हर बॉल पर छक्के-चौके लग रहे थे। वह सांप भी बेहद दुखी हुआ होगा, जब उसे हमारे स्टाफ ने पकड़कर बाहर कर दिया। हमारे मिस्टर बोरो ने कोई देरी नहीं की और सांप को पकड़कर बाहर कर दिया।'
इस मैच के दौरान मैदान के लाइट बंद हो गए थे। इस घटना के बारे में बात करते हुए सैकिया ने कहा, 'मेरा मानना है कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। एक एमसीबी ट्रिप्ड हो गया था। उसे तुरंत ही ठीक कर मैच कराया गया था। मुझे लगता है कि हमारे पास स्टेडियम में LED सिस्टम नहीं है। यह एक ऑल-मेटल सिस्टम था, जिसे अगले दो-तीन महीनों में बदल दिया जाएगा।'