नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) से अफगानिस्तान (Afghanistan) की टीम सेमीफाइनल (Semi-Final) की रेस से बाहर हो गई है। मंगलवार को ब्रिस्बेन में खेले गए श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में अफगानिस्तान (SL vs AFG) को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। जिसके साथ ही टीम का सेमीफाइनल तक पहुंचने का सपना अब सपना ही रह गया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 144 रन बनाए। लेकिन, जवाब में श्रीलंका ने केवल 4 विकेट खोकर 19वें ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
अफगान कप्तान मोहम्मद नबी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। अफगान सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 6।1 ओवर में 42 रन बनाए। फिर रहमानुल्लाह गुरबाज 24 गेंद पर 28 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके बाद उस्मान गनी (27) भी जल्द आउट हो गए। इस मैच में अफगान बल्लेबाजों ने औसत पारियां तो खेली लेकिन रन गति नहीं बढ़ा पाए।
https://twitter.com/ICC/status/1587345361793785857
इसी वजह से पूरी अफगान टीम निर्धारित 20 ओवरों में केवल 144 रन ही बना पाई। श्रीलंका की तरफ से वानिंदु हसरंगा ने तीन विकेट अपने नाम किए। जबकि लाहिरू कुमारा ने भी दो विकेट चटकाए। कासुन राजिता और धनंजय डिसिल्वा ने भी 1-1 अफगान प्लेयर को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
वहीं, 145 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत काफी खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज पाथुम निसंका 10 गेंद पर 10 रन बनाकर ही आउट हो गए। लेकिन, फिर वहां से कुसल मेंडिस (25) और धनंजय डिसिल्वा ने पारी संभाली। धनंजय डिसिल्वा 42 गेंद पर 66 रन बनाकर आखिरी तक नाबाद रहे। इनके अलावा चरिथ असलंका ने 19 और भानुका राजपक्षा ने 18 रन की पारी खेली।
इस मैच में अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान और मुजीबउर रहमान ने 2-2 विकेट हासिल किए। अफगानिस्तान पर जीत के बाद श्रीलंका की टीम ग्रुप-1 में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। टीम के हिस्से में 4 मैचों में 4 अंक हो गए हैं। श्रीलंका अफगानिस्तान को हराकर इस समय सेमीफाइनल की रेस में बनी हुई है।