नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) के सुपर-12 से अफगानिस्तान (Afghanistan) बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। श्रीलंका के हाथों आज अफगानिस्तान (SL vs AFG) को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद से टीम अब सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है। अफगानिस्तान के लिए यह टूर्नामेंट काफी ख़राब रहा। बारिश की वजह से टीम को काफी सफर करना पड़ा। वहीं, अब श्रीलंका के खिलाफ हुए मैच में एक अफगानी बल्लेबाज के साथ कुछ ऐसा हुआ जिसे देखकर किसी की भी हंसी छूट जाए।
यह घटना अफगानिस्तान की पारी का 18वां ओवर का है। जब श्रीलंकाई स्पिनर महीष तीक्षणा गेंदबाजी कर रहे थे, तब सामने मोहम्मद नबी बल्लेबाजी कर रहे थे। उसी समय नबी ने मिडिल स्टंप की गेंद को मिडविकेट की तरफ खेला। उन्होंने एक रन आसानी से ले लिया था। लेकिन, दूसरे बल्लेबाज गुलबदीन नैब दूसरा रन लेना चाहते थे। वह तक़रीबन आधी पिच तक आगे निकलकर आ गए थे। लेकिन, तभी नबी ने रन लेने से मना कर दिया और उन्हें वापस भेज दिया।
जब गुलबदीन वापस लौट रहे थे, तभी उनके पैर उलझ गए और वह गिर गए। जिसके बाद वह कुछ दूर लुढ़क भी गए। लेकिन क्रीज तक नहीं पहुंच पाए और रन आउट हो गए। जिस तरह गुलबदीन गिरे, उसे देखकर किसी को भी हंसी आ जाएगी। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है।
मैच के बात करें तो, अफगान कप्तान मोहम्मद नबी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। जहां, टीम निर्धारित 20 ओवरों में केवल 144 रन ही बना पाई। श्रीलंका की तरफ से वानिंदु हसरंगा ने तीन विकेट अपने नाम किए। जबकि लाहिरू कुमारा ने भी दो विकेट चटकाए। कासुन राजिता और धनंजय डिसिल्वा ने भी 1-1 अफगान प्लेयर को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
वहीं, 145 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत काफी खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज पाथुम निसंका 10 गेंद पर 10 रन बनाकर ही आउट हो गए। लेकिन, फिर वहां से कुसल मेंडिस (25) और धनंजय डिसिल्वा ने पारी संभाली। धनंजय डिसिल्वा 42 गेंद पर 66 रन बनाकर आखिरी तक नाबाद रहे। बाद में श्रीलंका ने केवल 4 विकेट खोकर 19वें ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इस मैच में अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान और मुजीबउर रहमान ने 2-2 विकेट हासिल किए।