पीएम मोदी और नीरज चोपड़ा (सौजन्य:- सोशल मीडिया) 
खेल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया नीरज चोपड़ा को कॉल, कहा- आप खुद में सोना हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय भाला फेंक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा को चोट से जूझने के बावजूद अपना दूसरा ओलंपिक पदक जीतने करने पर बधाई दी। साथ ही उन्हें कहा कि वह खुद में सोना हैं।

मृणाल पाठक

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा गोल्ड जीतने से चूक गए। उन्हें रजत पदक से ही संतुष्ट होना पड़ा। हालांकि उनकी इस जीत से भी भारतीय खुश हैं। लोग उनके जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को सुपरस्टार नीरज चोपड़ा को बधाई देने के लिए कॉल किया।

प्रधानमंत्री ने नीरज के साथ फोन पर बातचीत के दौरान पाकिस्तान के अरशद नदीम के बारे में टिप्पणियों के लिए उनकी मां सरोज देवी की भी सराहना की। सरोज ने ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले नदीम के लिए खुशी व्यक्त करते हुए उसे ‘अपने बेटे जैसा' बताया था। मोदी ने कहा, ‘‘आपकी माँ द्वारा दिया गया साक्षात्कार खेल परिवार की भावना को दर्शाता है। उन्होंने बहुत अच्छे अंदाज में कहा, ‘वह (नदीम) भी मेरा बेटा है।'

PM मोदी का नीरज को कॉल

मोदी ने उनसे स्वर्ण पदक चूकने पर ध्यान नहीं देने की सलाह देते हुए कहा कि बहुत कम खिलाड़ियों को दो ओलंपिक पदक जीतने का गौरव प्राप्त होता है और आप तो खुद में ही सोना है। नीरज ने प्रधानमंत्री से कहा, ‘‘चोट के कारण मैं स्वर्ण पदक के लिए जोर नहीं लगा सका लेकिन चोट और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद रजत पदक जीतकर खुश हूं।''

मोदी ने कहा, ‘‘आपने चोट के बावजूद यह उपलब्धि हासिल की है, जो अविश्वसनीय है। यह हमारी युवा पीढ़ी को प्रेरित करेगा। देश के लिए कुछ करने का यही जज्बा हमें प्रेरित करता है।'' मोदी ने नदीम के बारे में कहा, ‘‘मुझे याद है पिछली बार आपने अपने प्रतिद्वंदी के प्रदर्शन की प्रशंसा की थी। आपने बताया था कि वह कड़ी प्रतिस्पर्धा देते हैं।''

उन्होंने कहा कि वह नीरज की चोट पर विस्तार से चर्चा करना चाहेंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि आगे चलकर इसे कैसे बेहतर तरीके से प्रबंधित किया जा सकता है। नीरज ने कहा कि वह कड़ी मेहनत करना जारी रखेंगे और आगामी खेल आयोजनों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज ने 89.45 मीटर का थ्रो फेंककर पेरिस में रजत पदक हासिल किया। नीरज लगातार दो ओलंपिक व्यक्तिगत स्पर्धा का पदक जीतने वाले तीसरे और ट्रैक एवं फील्ड के पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।

नदीम ने 92.97 मीटर के थ्रो के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रधानमंत्री ने इससे पहले ‘एक्स' पर लिखा था कि नीरज उत्कृष्टता के साकार रूप हैं। मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा, ‘‘नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का साकार रूप हैं। बार बार उन्होंने अपनी श्रेष्ठता की बानगी दी है। भारत हर्षित है कि उन्होंने एक बार फिर ओलंपिक में सफलता पाई है।''

उन्होंने कहा, ‘‘रजत जीतने पर उन्हें बधाई। वह आने वाले असंख्य एथलीटों को अपने सपने पूरे करने और देश को गौरवान्वित करने के लिये प्रेरित करते रहेंगे।'' अपने बेटे के रजत पदक से खुश नीरज की मां सरोज देवी ने स्वर्ण पदक विजेता नदीम के लिए भी खुशी व्यक्त की और कहा कि वह भी उनके ‘बच्चा' जैसा है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

MLC Election Results LIVE: यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत चार राज्यों में मतगणना, RJD का चुनाव आयोग को पत्र

Cyclone Arnab: 53 ट्रेने रद्द, पर्यटकों का समुद्र में प्रवेश पर प्रतिबंध; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

रामलीला मैदान में रैली से पहले बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा, केंद्रीय नेतृत्व होंगे शामिल

Bihar MLC Election Result: पटना में मतगणना केंद्र पर हंगामा, CCTV नहीं होने पर कांग्रेस-जन सुराज ने उठाए सवाल

खरगे की पीएम मोदी पर टिप्पणी से नाराज मायावती? कांग्रेस को दी नसीहत, बोलीं- जहरीली राजनीति देशहित में नहीं