नई दिल्ली: इस समय श्रीलंकाई क्रिकेटर दनुष्का गुनाथिलका रेप (Danushka Gunathilaka Rape Case) के आरोप में सिडनी के जेल में बंद हैं। जहां, इस मामले की जांच की जा रही है। इसी बीच, एक चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है। जिसमें पीड़ित महिला ने खिलाड़ी पर आरोप लगाया है कि, रेप के दौरान दनुष्का ने उनका बार-बार गला भी दबाया था।
पीड़ित महिला ने शिकायत में यह सारी बातें कही हैं। न्यू साउथ वेल्स पुलिस डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, पीड़िता ने खुद को जान का खतरा भी बताया है। उसने शिकायत में यौन हिंसा और बार-बार गला दबाने की कोशिश करने का भी आरोप दनुष्का पर लगाया है।
पुलिस की मानें तो, पीड़िता ने एक काउंसलिंग सर्विस को बुलाया। जहां, सामान्य चिकित्सक को देखकर वो रोने लगीं। इसके अगले दिन उन्होंने एक बयान दिया। जिसके बाद उन्हें यौन हमले की जांच के लिए एक मेडिकल किट दी गई। साथ ही उनके सिर का स्कैन भी कराया गया, ताकि गला दबाने की कोशिश के दौरान कोई चोट तो नहीं आई, इसकी जांच हो सके।
ज्ञात हो कि, इस रेप मामले में कोर्ट ने अभी 31 साल के दनुष्का को जमानत नहीं दी है। सिडनी मजिस्ट्रेट ने देश छोड़ने और जांच में बाधा पहुंचाने का अंदेशा जताते हुए खिलाड़ी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। हालांकि, दनुष्का के वकील ने एक ब्रीफ स्टेटमेंट देते हुए कहा कि दनुष्का ने अभी भी खुद को बेगुनाह बताया है और इस मामले में वह जल्द ही अपना पक्ष भी रखेंगे। साथ ही दनुष्का ने पुलिस बयान में भी खुद को बेगुनाह बताया है।
गौरतलब है कि, दनुष्का श्रीलंकाई टीम के साथ ही वर्ल्ड कप खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया आए थे। लेकिन, चोट की वजह से वह बीच टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। मगर वह घर लौटने की बजाय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में ही बने रहे और ये ही उनकी सबसे गलती हो गई। इस दौरान ही उन पर रेप का आरोप लगाया गया।