Manu Bhaker Proud Moment India Flag Bearer: एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी शनिवार को जापान के आइची-नागोया में होगी। ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर को इस समारोह में भारतीय दल का फ्लैग बियरर चुना गया है। ये जिम्मेदारी मिलने पर मनु भाकर ने खुशी जताई और कहा कि उन्हें इस पल पर गर्व महसूस हो रहा है।
मनु भाकर ने बताया कि शुक्रवार को जब उन्हें फ्लैग बियरर बनाए जाने की जानकारी मिली, तो उन्हें अपने करियर के शुरुआती दिनों की याद आ गई। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शुरुआत की थी, तब उन्होंने नहीं सोचा था कि एक दिन वो इस मुकाम तक पहुंचेंगी।
मनु ने कहा कि वो खुद को सम्मानित और खुश महसूस कर रही हैं। उन्होंने इसके लिए ईश्वर, अपने समर्थकों और फैंस का शुक्रिया भी अदा किया।
मनु भाकर ने बताया कि उन्होंने 2018 में 16 साल की उम्र में पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था। उस समय गेम्स इंडोनेशिया के जकार्ता में हुए थे, लेकिन वो ओपनिंग सेरेमनी में शामिल नहीं हो पाई थीं। उन्होंने बताया कि शूटिंग का इवेंट ओपनिंग सेरेमनी के अगले ही दिन था और खेल गांव से सेरेमनी की जगह काफी दूर थी।
उनके कोच जसपाल राणा ने भी उनसे कहा था कि अगर वह फ्लैग बियरर नहीं हैं तो सेरेमनी में जाने की जरूरत नहीं है। मनु ने बताया कि उन्होंने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया था। ऐसे में एशियन गेम्स में फ्लैग बियरर बनना उनके लिए खास और रोमांचक पल है।
जापान पहुंचे भारतीय खिलाड़ियों के लिए मनु ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान कुछ परेशानियां आ सकती हैं, लेकिन खिलाड़ियों को इन चीजों को नजरअंदाज करके अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडल मिले या नहीं, हर खिलाड़ी को अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश करनी चाहिए।
उनके मुताबिक, खिलाड़ी ने इस मंच तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है, इसलिए शिकायतों पर ऊर्जा लगाने के बजाय उसे अपने प्रदर्शन पर लगाना बेहतर है। मनु ने खिलाड़ियों को याद दिलाया कि ये मौका उनके लिए बेहद खास है और देश में लोग भी उनका समर्थन कर रहे होंगे।
एशियन गेम्स 2026 की आधिकारिक ओपनिंग सेरेमनी पालोमा मिजुहो स्टेडियम में शनिवार को होगी। समारोह भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा। मनु भाकर के साथ भारतीय दल के दूसरे फ्लैग बियरर कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत होंगे।