भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। इसके बाद इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 387 रन बनाए। भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए हैं। दूसरे दिन करुण नायर ने क्रीज पर टिकने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच सके। वह बेन स्टोक्स की गेंद पर जो रूट को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए।
करुण नायर इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी करने आए थे। उन्होंने पारी की शुरुआत में अच्छा संयम दिखाया। लेकिन बेन स्टोक्स की एक गेंद पर वह चकमा खा गए। भारत के खिलाफ 21वां ओवर स्टोक्स ने डाला। इस ओवर की दूसरी गेंद करुण ने खेली, जो सीधी आई। इसके बाद गेंद उनके बल्ले से लगकर स्लिप की दिशा में गई, जहां खड़े जो रूट ने डाइव लगाकर कैच लपक लिया।
इसके बाद रिव्यू में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि गेंद ज़मीन से छू रही थी। लेकिन थर्ड अंपायर ने इस कैच को वैध करार दिया। उनके अनुसार जब गेंद ज़मीन पर गिरी, तब रूट की उंगलियाँ उसके नीचे थीं। इसी वजह से करुण नायर की पारी का अंत हुआ। उन्होंने मैच में 62 गेंदों में 40 रन बनाए। सोशल मीडिया पर रूट के इस कैच का वीडियो फैंस द्वारा खूब शेयर किया जा रहा है। कई फैंस ने अंपायर के निर्णय पर सवाल भी उठाए हैं।
तीसरे टेस्ट के दौरान जो रूट ने करुण नायर का कैच पकड़कर इतिहास रच दिया। जो रूट, अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। बतौर फील्डर जो रूट ने 211 कैच लिए हैं। वो ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी ने महान इंग्लिश क्रिकेटर से अधिक कैच नहीं पकड़े हैं।
इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले जो रूट ने भारत की पहली पारी के 21वें ओवर की दूसरी गेंद पर बेन स्टोक्स की गेंद पर करुण नायर का कैच लपका। उन्होंने इस कैच के साथ राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। भारत के राहुल द्रविड़ 210 कैच के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जबकि श्रीलंका के महेला जयवर्धने 205 कैच के साथ तीसरे स्थान पर हैं।