बांग्लादेश बोर्ड ने बहिष्कार का पुराना फैसला बदल दिया है।
पिछले साल के भारत-बांग्लादेश क्रिकेट तनाव को दरकिनार कर दिया गया है।
मुस्तफिजुर रहमान समेत कुल 7 बांग्लादेशी खिलाड़ी IPL 2027 मिनी-ऑक्शन में उतरेंगे।
Bangladeshi Players in IPL 2027: IPL 2027 की नीलामी से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने पुराने रुख से पलटते हुए एक बड़ा 'यू-टर्न' लिया है। पिछले साल भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर हुए तमाम विवादों और बहिष्कार की बातों को दरकिनार करते हुए अब मुस्तफिजुर रहमान समेत कुल 7 बांग्लादेशी खिलाड़ी आगामी आईपीएल मिनी-ऑक्शन में हिस्सा लेने के लिए तैयार हो गए हैं।
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान द्वारा नीलामी में भाग लेने की इच्छा जताए जाने के बाद बीसीबी ने रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीसीबी के एक सूत्र ने पुष्टि की है कि मुस्तफिजुर के अलावा 6 अन्य प्रमुख क्रिकेटर भी नीलामी का हिस्सा बनेंगे। इस सूची में ये नाम शामिल हैं:
मुस्तफिजुर रहमान
तस्कीन अहमद
तौहीद हृदॉय
रिशाद हुसैन
नाहिद राणा
हसन महमूद
शोरीफुल इस्लाम
दरअसल, रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से संपर्क साधा था। इसके बाद ही बांग्लादेश अपने खिलाड़ियों को एक बार फिर इस लीग में भेजने के लिए राजी हुआ है।
बीसीबी सूत्र ने इस प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए कहा, "यह आईपीएल मिनी-ऑक्शन के लिए एक नियमित प्रक्रिया है। बीसीसीआई ने दुनिया के हर क्रिकेट बोर्ड से संपर्क किया है और उनसे उन इच्छुक खिलाड़ियों के नाम भेजने को कहा है जो नीलामी में उतरना चाहते हैं। मुस्तफिजुर के साथ-साथ नाहिद, रिशाद, हसन, तौहीद, तस्कीन और शोरीफुल ने भी अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।
पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये की मोटी रकम खर्च कर खरीदा था, लेकिन बाद में उन्हें टीम से रिलीज कर दिया था। दरअसल, उस समय भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों में काफी तनाव था।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और एक हिंदू व्यक्ति की हत्या के मामले को लेकर भारत में भारी आक्रोश था। इसी दबाव के चलते बीसीसीआई ने केकेआर को मुस्तफिजुर को रिलीज करने का आदेश दिया था। इस विवाद के कारण केकेआर के सह-मालिक शाहरुख खान को भी आलोचना झेलनी पड़ी थी।
मुस्तफिजुर को रिलीज किए जाने के फैसले पर बांग्लादेश ने काफी नाराजगी जताई थी। इस तनाव का असर इतना गहरा था कि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में आयोजित हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने से भी इनकार कर दिया था।
बांग्लादेश की मांग थी कि पाकिस्तान की तरह उनके मैच भी भारत से बाहर न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जाएं, लेकिन आईसीसी (ICC) ने उनकी मांग ठुकराते हुए उन्हें टूर्नामेंट से ही बाहर कर दिया था। हालांकि, अब आईपीएल 2027 के जरिए दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में एक बार फिर बर्फ पिघलती नजर आ रही है।