नई दिल्ली: अगल साल यानी 2023 में भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup 2023) पर खतरा मंडराने लगा है। दरअसल, भारत से इस विश्व कप की मेजबानी छीनी जा सकती है। टैक्स विवाद को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आमने-सामने आ गए हैं। इस विवाद को लेकर भारत से वर्ल्ड कप की मेजबानी भी छीन सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईसीसी द्वारा बीसीसीआई से दो टूक कहा गया है कि, वह वनडे वर्ल्ड कप 2023 के आयोजन के लिए भारत सरकार (Indian Government) से टैक्स (Tax) में छूट की व्यवस्था करें। हालांकि, ऐसा होना मुश्किल है क्योंकि भारत सरकार किसी भी तरह के इवेंट में इस तरह की छूट नहीं देती है।
बता दें कि, साल 2016 में जब भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी, तब आईसीसी और बीसीसीआई के बीच यह विवाद आया था। उस समय बीसीसीआई भारत सरकार से यह छूट नहीं दिला पाया था। जिसके बाद बीसीसीआई ने आईसीसी को उसके शेयर के 190 करोड़ रुपये दिए थे। कुछ ऐसी ही स्थिति दोबारा बीसीसीआई के सामने आ गई है।
वहीं, आईसीसी की पॉलिसी के अनुसार आईसीसी इवेंट होस्ट करवाने वाले देश को अपनी सरकार के साथ समन्वय बैठक टैक्स में छूट की व्यवस्था करनी होती है। 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अगर बीसीसीआई ऐसा नहीं करता है, तो उसे आईसीसी को उसका शेयर 900 करोड़ रुपये देना होगा।
रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई इसके लिए राजी नहीं है, ऐसे में अगर ये ही स्थिति बनी रही है तो बीसीसीआई आईसीसी के खिलाफ कोर्ट भी जा सकती है। इसके अलावा टैक्स का मसला नहीं सुलझता है और आईसीसी को उसका हिस्सा नहीं मिलता है, तो वह होस्ट को बदलने पर भी विचार कर सकता है। ऐसे में बीसीसीआई पूरी कोशिश करेगी कि इस मामले को जल्द से जल्द सुलझा दिया जाए।