FIFA World Cup Opening Ceremony: इस साल फीफा विश्व कप 2026 गुरुवार रात से शुरू होने जा रहा है। फुटबॉल का ये महाकुंभ कई मायनों में ऐतिहासिक और खास होने वाला है। इसके पीछे का कारण पहली बार 48 देशों की टीमें विश्व कप में हिस्सा लेना है। जिसमें कुल 1248 खिलाड़ी अगले 39 दिनों तक दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल ट्रॉफी जीतने के लिए अपना सबकुछ झोंक देंगे। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की मेजबानी में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 19 जुलाई को न्यू जर्सी में खेला जाना है।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फुटबॉल जगत के कई बड़े स्टार प्लेयर आकर्षण का केंद्र रहने वाला है। जिसमें पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने करियर में छठी बार विश्व कप जीतने का सपना पूरा करने उतरेंगे। वहीं ब्राजील के नेमार भी अब तक इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को नहीं जीत सके हैं। वो भी अपने फुटबॉल करियर में इस बड़ी कमी को दूर करना चाहेंगे। अगर बात करें अर्जेंटीना की तो वहां लियोन मेसी और फ्रांस के काइलियन एमबापे अपने-अपने देशों को दूसरी बार विश्व कप चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के उद्घाटन मैच से पहले शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होना है। जिसमें शकीरा, बर्ना बॉय, जे बैल्विन, टायला, माना, अलेजांद्रो फर्नांडेज और बेलिंडा जैसे दिग्गज व स्टार कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस बार विश्व कप में कुल 104 मैच खेले जाने हैं, जो आज तक किसी भी दूसरे संस्करण में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 64 मुकाबले खेले जाते थे। मेक्सिको का प्रतिष्ठित एज्टेका स्टेडियम 2 अलग-अलग वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के मैचों की मेजबानी करने वाला दुनिया का पहला स्टेडियम बनकर इतिहास रचेगा। इस बार मेक्सिको के 17 वर्षीय गिल्बर्टो मोरा टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ी होंगे। वहीं, स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गॉर्डन सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेंगे।
विश्व कप के इतिहास में अब तक केवल आठ देश ही ट्रॉफी जीतने में सफल रहे हैं। ब्राजील सबसे सफल टीम है, जिसने पांच बार खिताब अपने नाम किया है। जर्मनी और इटली चार-चार बार चैंपियन बने हैं। अर्जेंटीना तीन बार विश्व कप जीत चुका है, जबकि उरुग्वे और फ्रांस ने दो-दो बार खिताब जीता है। इंग्लैंड और स्पेन एक-एक बार विश्व विजेता बनने में सफल रहे हैं।
ये भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: ईरान की चेतावनी, बिना इजाजत वाले झंडे और टीम के खिलाफ नारेबाजी पर रोक सकते हैं मैच
टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच मेक्सिको सिटी में भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद दक्षिण कोरिया और चेकिया की टीमें सुबह 7:30 बजे ग्वाडलहारा में आमने-सामने होंगी। भारतीय दर्शक इन मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूनाइटेड 8 स्पोर्ट्स नेटवर्क और जी5 पर देख सकेंगे।